September 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Telecom Department Advisory 2026: किसी और को सिम देना पड़ सकता है भारी, 50 लाख जुर्माना और 3 साल की सजा

आपके नाम पर जारी हुए SIM कार्ड का गलत या गैरकानूनी इस्तेमाल आपको ही भारी पड़ सकता है. दूरसंचार विभाग (DoT) ने सोमवार को चेतावनी जारी की है. इस चेतावनी में लोगों को आगाह किया गया है कि अगर किसी अपराध में आपके नाम पर जारी हुए SIM कार्ड का इस्तेमाल पाया गया तो 50 लाख रुपये का जुर्माना लग सकता है. साथ ही 3 साल की जेल भी हो सकती है.

DoT ने मोबाइल यूजर्स को चेतावनी दी है कि वे अपने नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल दूसरों को न करने दें. विभाग ने आगाह किया है कि धोखाधड़ी से सिम जारी करवाना, टेलीकॉम आइडेंटिफायर का गलत इस्तेमाल और IMEI नंबर के साथ छेड़छाड़ करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है. टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 के तहत, तीन साल तक की जेल और ₹50 लाख तक का जुर्माना हो सकता है.

इन लोगों को है ध्यान देने की जरूरत

दूरसंचार विभाग की ओर से जारी चेतावनी उन लोगों के लिए बहुत जरूरी है कि जिनके दस्तावेजों जानकारी के बिना दूसरे SIM कार्ड के कनेक्शन चल रहे हैं. साथ ही उन लोगों को भी ध्यान देने की जरूरत है, जिन्होंने अपना SIM कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए दे रखा है. विभाग ने लोगों से कहा है कि वे Sanchar Saathi portal और mobile app के जरिए रेगुलर चेक करते हैं कि कहीं उनके नाम पर कोई ऐसा SIM कार्ड तो एक्टिव नहीं है, जो उनकी जानकारी में नहीं है.

क्यों जारी हुई एडवाइजरी?

यह एडवाइजरी हाल ही में साइबर क्राइम की जांच के दौरान सामने आए एक मामले के बाद जारी की गई है. इसमें छत्तीसगढ़ में एक पॉइंट ऑफ सेल (PoS) एजेंट ने लोगों की जानकारी या सहमति के बिना उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल करके 25 मोबाइल कनेक्शन एक्टिवेट किए थे. जब इन सभी कनेक्शन को वेरिफिकेशन के लिए भेजा गया तो कई नंबर गैरकानूनी पाए गए. बाद में इन नंबरों को बंद कर दिया गया. यह घटना बताती है कि कैसे कोई बिना आपकी इजाजत के आपके नाम पर SIM कार्ड एक्टिवेट करा सकता है. कोई भी इन फर्जी SIM कार्ड का इस्तेमाल साइबर क्राइम या किसी अन्य तरह की वारदात में कर सकता है.

IMEI से छेड़छाड़ भी गैरकानूनी

DoT ने ऐसे मॉडेम, SIM बॉक्स और दूसरे डिवाइस से भी अलर्ट रहने को कहा है जिनमें IMEI नंबर को बदला या छेड़छाड़ किया गया हो. IMEI मोबाइल डिवाइस की पहचान से जुड़ा एक यूनिक नंबर होता है. विभाग ने Calling Line Identity (CLI) और अन्य टेलीकॉम पहचान से जुड़ी जानकारी बदलने वाले ऐप, वेबसाइट या टूल का इस्तेमाल न करने की भी सलाह दी है. DoT के मुताबिक ऐसे बदलाव टेलीकॉम नेटवर्क की सुरक्षा और उसकी विश्वसनीयता के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं.

Share to...