October 1, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

तमिलनाडु के मंत्री की न्यायिक हिरासत 8 अगस्त तक बढ़ी, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई है गिरफ्तारी

चेन्नई: चेन्नई की एक सेशन कोर्ट ने बुधवार को गिरफ्तार तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी की न्यायिक हिरासत आठ अगस्त तक बढ़ा दी है। सेंथिल बालाजी को प्रधान सत्र न्यायाधीश एस अल्ली के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया गया था। वह पुझल जेल में बंद हैं।

दरअसल, बालाजी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 14 जून को गिरफ्तार किया था और वह तभी से जेल मे बंद हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इससे पहले भी दो बार उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाई जा चुकी है। आज 26 जुलाई को उनकी न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पीएसजे के समक्ष पेश किया। जब वह पूर्ववर्ती अन्नाद्रमुक शासन में परिवहन मंत्री थे, तब उन्हें ईडी ने नौकरी के बदले नकदी घोटाले में गिरफ्तार किया था। वर्तमान द्रमुक सरकार में पहले बिजली और निषेध और उत्पाद शुल्क विभाग संभालने के बाद, बालाजी अब बिना विभाग के मंत्री हैं।

तमिलनाडु के बिजली और आबकारी मंत्री वी सेंथिल बालाजी के ठिकानों पर 24 घंटे छापेमारी के बाद ईडी ने उन्हें 14 जून को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान मंत्री की तबीयत बिगड़ गई थी और वो पुलिस हिरासत में अस्पताल ले जाए जाने तक रोते दिखाई दिए थे। मंत्री से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत नौकरी घोटाले को लेकर पूछताछ की गई। इस पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह छापेमारी करीब 24 घंटे तक चली और उनसे पूछताछ भी की गई। इसके बाद उन्हें बताया गया कि उन्हें जांच एजेंसी ने गिरफ्तार कर लिया है। अपनी गिरफ्तारी की खबर सुनने के बाद उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और उन्हें चेन्नई के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया।

Share to...