April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

स्टार टेनिस खिलाड़ी जोकोविच ने अल्कारेज को ओलंपिक पुरुष एकल मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक जीता

पेरिस ओलंपिक 2024: सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुष एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने स्पेन के कार्लोस अल्कारेज को हराकर विंबलडन 2024 में मिली हार का बदला ले लिया।

जोकोविच ने रोमांचक मुकाबले में अल्कारेज को 7-6(3), 7-6(2) से हराया। इस तरह जोकोविच ने अपने करियर में पहली बार ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता। वहीं, अल्कारेज अपना पहला ओलंपिक पदक जीतने से चूक गए। जोकोविच ने इससे पहले 2008 बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था।

मौजूदा खेलों में सेमीफाइनल में इटली के कांस्य पदक विजेता लोरेंजो मुसेटी के खिलाफ जीत से पहले जोकोविच ने अपने तीनों ओलंपिक सेमीफाइनल गंवाए थे। जोकोविच 2008 में बीजिंग में राफेल नडाल, 2012 में लंदन में एंडी मरे और तीन साल पहले टोक्यो में एलेक्जेंडर ज्वेरेव से हार गए थे। इन सभी ने बाद में स्वर्ण पदक जीता। जोकोविच 1988 के बाद से टेनिस में एकल स्वर्ण जीतने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति हैं और उन्होंने स्पेन के 21 वर्षीय अल्काराज को सबसे कम उम्र का स्वर्ण पदक विजेता बनने से रोका।

Share to...