T20 वर्ल्डकप 2024: T20 वर्ल्डकप 2024 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम साउथ अफ्रीका बन गई है। इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका ने इतिहास रच दिया है। टीम पहली बार किसी वर्ल्डकप के फाइनल में पहुँची है और टीम पर लगा चोकर्स का दाग भी इस जीत से मिटा दिया हैं। इससे पहले साउथ अफ्रीका टीम 5 बार वनडे और 2 बार टी20 वर्ल्डकप के सेमीफाइनल से बाहर हो चुकी हैं पर आज जीतकर इतिहास रच दिया हैं।
साउथ अफ्रीका ने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को बुरी तरह रौंद दिया है। अफगानिस्तान की टीम ने खराब शुरुआत की और 56 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई। साउथ अफ्रीका ने आसानी से इस छोटे से लक्ष्य का पीछा कर लिया और 8.5 ओवर में ही 9 विकेट से बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में धमाकेदार इंट्री कर ली।
वर्ल्डकप के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया जो कि अफगानिस्तान के लिए बहुत ही बुरा रहा। अफगानिस्तान ने इस सेमीफाइनल मैच में बेहद खराब प्रदर्शन किया। अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 56 रन के स्कोर पर अपने सभी विकेट गंवा दिए और ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सर्वाधिक 10 रन अजमतुल्लाह ओमरजई ने बनाया। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम के 3 खिलाड़ी बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं, टीम के 7 बल्लेबाज 5 रन से भी कम रन बनाकर आउट हो गए। टीम ने 23 रन पर ही अपने शीर्ष के 5 बल्लेबाजों के विकेट खो दिए। अफगानिस्तान की पूरी टीम साउथ अफ्रीका के सामने 12 ओवर भी नहीं टिक पाई। टीम 11.5 ओवर में ही मात्र 56 रनों पर ऑल आउट हो गई।
साउथ अफ्रीका के गेंदबाज मैच में शुरू से ही हावी रहे। टीम के गेंदबाज मॉर्को जैनसन ने पहले ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज का विकेट लेकर उसे बैकफुट पर धकेल दिया। साउथ अफ्रीका के गेंदबाज तबरेज शम्सी ने 1.5 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। एनरिच नार्टजे ने 3 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। रबाडा ने 3 ओवर में 1 मेडन के साथ 14 रन दिए और 2 विकेट हासिल किए। वहीं, मॉर्को जैनसन ने 3 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
साउथ अफ्रीका ने इस छोटे से लक्ष्य का आसानी से पीछा किया। टीम ने 8.5 ओवर में 1 विकेट खोकर 60 रन बना लिए। हालांकि अफगानिस्तान के गेंदबाज फजलहक फारूकी ने क्विंटन डिकॉक का विकेट तो जरूर जल्दी ले लिया लेकिन कप्तान ऐडन मॉर्कम और रीजा हेंडरिक्स ने 43 गेंद पर 55 रन की पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया और पहली बार वर्ल्डकप के फाइनल में अपनी टीम को पहुँचा कर इतिहास रच और टीम पर लगे चोकर्स के दाग को भी धो दिया।
अब साउथ अफ्रीका का फाइनल में मुकाबला आज रात को भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम