इंदौर: जी न्यूज के प्राइम टाइम एंकर अनंत त्यागी शनिवार को स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. द्वारा आयोजित जर्नी ऑफ़ ए जर्नलिस्ट कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों सहित सेज यूनिवर्सिटी, पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययन शाला डीएवीवी, डायरोमा एड्युवर्सिटी, श्री वैष्णव विद्यापीठ विश्वविद्यालय, गवर्मेंट आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज के पत्रकारिता स्टूडेंट उपस्थित थे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार अनंत त्यागी ने कहा कि वर्तमान में पत्रकारिता पाठ्यक्रम में आमूल-चूल परिवर्तन की जरूरत है। पुराना पाठ्यक्रम नए स्टूटेंड को नए दौर के मुताबिक़ तैयार नहीं कर पा रहा है।
त्यागी ने कहा कि डिजिटल और टेक्नोलॉजी क्रान्ति में सिर्फ खबर लिखना ही नहीं बल्कि मल्टीमीडिया कंटेंट, सोशल मीडिया मैनेजर, मोबाइल फर्स्ट रिपोर्टिंग आदि सीखनी पड़ती है। पुराना सिलेबस इन कौशल की ट्रेनिंग नहीं देता जिससे स्टूडेंट जॉब मार्केट में पिछड़ जाते हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में सफल होने के लिए पांच ‘सी’ कम्युनिकेशन, कनेक्शन, क्रिएटिविटी, क्रेडिबिलिटी और कॉम्पिटेंट जरूरी है। उन्होंने कहा कि आम बोलचाल में संवाद के साथ भाषा पर पकड़ जरूरी है। पत्रकारिता में करने वाले काम पर पकड़ के साथ यह भी जरूरी है कि इस पर आप स्वयं कितना भरोसा करते हैं।
श्री त्यागी ने कहा कि यह बदलाव का दौर है। पहले टीवी समाचार की सिर्फ एक ही चौखट थी अब कई निजी चैनल बाज़ार में हैं, जिसमें रोजाना नवाचार हो रहे हैं। टीवी के बाद डिजिटल मीडिया का ज़माना आ रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता बेहद जरूरी है। न्यूज चैनलों में प्रतिस्पर्धा की वजह से कई मर्तबा पत्रकारिता सवालों के घेरे में आ जाती है। विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए हर विषय का ज्ञान होना बेहद जरूरी है।
श्री त्यागी ने कहा कि किताबें और अखबार पढ़ने की आदत आपको सफलता की ओर ले जायेगी। जिस विषय में रूचि हो इस विषय में प्रतिदिन पढ़ना ही चाहिए। श्री त्यागी ने पत्रकारिता से जुड़े अनेक विषयों पर मार्गदर्शन भी दिया।
प्रारंभ में अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल ने मास्टर क्लास के संबंध में जानकारी दी। समन्वयक राजेन्द्र कोपरगांवकर, वरिष्ठ पत्रकार रचना जौहरी, शीतल रॉय, बंसीलाल लालवानी, संजय मेहता ने श्री त्यागी का स्वागत किया। वरिष्ठ पत्रकार आलोक बाजपेयी ने सवाल-जवाब का रोचक सत्र संचालित किया। मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने स्मृति चिन्ह भेंट किया। पंकज क्षीरसागर ने आभार माना।

More Stories
मंत्रालय वल्लभ भवन में हुआ अल्पविराम कार्यक्रम, निजी जीवन और कार्यस्थल पर सरल कार्य संस्कृति के टिप्स दिए
अण्डमान निकोबार में 200 गोताखोरों ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, समुद्र के अंदर फ़हराया दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा
दिल्ली शाहदरा के विवेक विहार में चार मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों मौत, कई घायल, रेस्क्यू जारी