April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पूर्व अध्यक्ष व सांसद ब्रजभूषण शरण के करीबी संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष, अनिता श्योराण को हराकर बने अध्यक्ष

नईदिल्ली: संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। बीजेपी सांसद व भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष का चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी अनीता श्योराण को शिकस्त दी है।

इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने भी दावा किया था कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ही बनेंगे।

बता दें कि संजय सिंह ‘बबलू’ इस समय वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा कुश्ती संघ के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। इस दौरान वह कई बार संघ की कार्य समिति में भी शामिल रहे। इसके अलावा वह भारतीय कुश्ती संघ का नेतृत्व करने के लिए विदेश में भी दौरा कर चुके हैं। ऐसा कहा जाता है कि पूर्वांचल की महिला पहलवानों को आगे लाने में संजय सिंह बबलू का अहम किरदार रहा है।

संजय सिंह मूल रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रहने वाले हैं। इस समय वो वाराणसी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। संजय सिंह बबलू पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से कुश्ती संघ से जुड़े हैं और बृजभूषण शरण सिंह के काफी नजदीकी माने जाते हैं। वो 2008 से ही वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष हैं। संजय सिंह बबलू का 2009 में प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष के रूप में चयन हुआ था।

भारतीय कुश्ती महासंघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय सिंह पूर्व डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के आवास पर पहुंचे। डब्ल्यूएफआई के पूर्व प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह का कहना है, “यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं है, यह देश के पहलवानों की जीत है। मुझे उम्मीद है कि नए महासंघ के गठन के बाद कुश्ती प्रतियोगिताएं फिर से शुरू होंगी, जो पिछले 11 महीनों से रुकी हुई थीं।

Share to...