इंदौर: इंदौर में एक निर्दयी पिता ने अपने ही बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी बच्चे की दादी को लगी, तो वह उसे तुरंत परिवार की मदद से अस्पताल लेकर पहुँची लेकिन बच्चे की मौत हो चुकी थी। हालांकि वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत आरोपी पिता फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
अपने बच्चों को अच्छे संस्कार देने के लिए अक्सर पिता कभी-कभी सख्त रूप अपना लेते हैं, हालांकि मां पिता के क्रोध को अपनी शीतलता से कम कर अपने बच्चों को पिता की मार से भी बचा लेती है, लेकिन इंदौर शहर में बीती रात एक ऐसे निर्दयी पिता की हैवानियत का किस्सा सामने आया है, जिसने अपने मासूम बच्चे को क्रोध की अग्नि में निगल लिया है।
आरोपी पिता ने तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित लिंबोदी गांव में अपने ही घर में परिवार की मौजूदगी में मासूम को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और किसी को भनक तक नहीं लगी। आरोपी बच्चे को मारने के बाद मौके से फरार हो गया। जब सुबह बच्चे की दादी उसे उठाकर नाश्ता करवाने के लिए पहुंची तो बच्चा मृत अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ मिला। जिसके बाद दादी के पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि मृतक बालक प्रतीक अपने पिता के पास नहीं रहता था। मृतक अपनी दादी के पास ही रहता था और देर रात वह पिता के साथ जिद कर कर सोने के लिए गया था लेकिन सुबह उठकर जब देखा तो बच्चा मौत की नींद में सो रहा था।
परिवार के मुताबिक आरोपी शशिपाल मुंडे (पिता) द्वारा ही हत्या को अंजाम दिया गया है। परिजनों के मुताबिक आरोपी पिता शशिपाल मुंडे की दूसरी शादी हो चुकी थी और दूसरी पत्नी मासूम प्रतीक को पसंद नहीं करती थी। इसी के कारण वह बच्चे पर ध्यान नहीं देता था हालांकि प्रतीक हत्यारे शशिपाल की पहली पत्नी का बेटा है।
इधर जांच अधिकारी एनएस तंवर के मुताबिक घटना की जानकारी अस्पताल से मिली थी जिसके आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव के परीक्षण से जानकारी मिली है कि बच्चे के साथ दुर्व्यवहार मारपीट हुई है जिसके कारण संभवत उसकी मौत हुई है। बच्चे के गले पर निशान है जो हत्या की गवाही दे रहे हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी, मृतक के पिता की तलाश की जा रही है ।
गौरतलब है कि पुलिस द्वारा आरोपी पिता शशिपाल मुंडे को तलाशने के लिए टीम गठित कर रवाना कर दी गई है, आरोपी की जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले में खुलासा किया जाएगा।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर