नईदिल्ली: महिला प्रीमियर लीग 2024 के फायनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली केपिटल्स को हराकर महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2024 का खिताब अपने नाम किया।
महिला प्रीमियर लीग 2024 टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से हराकर खिताब जीता।
फाइनल मुकाबले में आरसीबी को 114 रनों का टारगेट मिला था, जिसे टीम ने 2 विकेट गंवाकर 19.3 ओवर्स में ही हासिल कर लिया। टीम के लिए एलिस पेरी ने नाबाद 35, सोफी डेवाइन ने 32 और स्मृति मंधाना ने 31 रनों की पारी खेली। जबकि शिखा पांडे और मीनू मनी ने 1-1 विकेट लिया। यह WPL का दूसरा सीजन था, जिसे आरसीबी ने जीता। पहले सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) चैम्पियन बनी थी। दोनों ही बार दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बैटिंग का फैसला किया था। इसके बाद पूरी टीम 18.3 ओवरों में 113 रनों पर ही सिमट गई। दिल्ली के लिए शेफाली वर्मा ने 27 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली जबकि कप्तान मेग लेनिंग ने 23 रन बनाए। आरसीबी के लिए श्रेयंका पाटिल ने 4 और सोफी मोलिनेक्स ने 3 विकेट झटके।
मैच में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत धांसू रही थी। टीम ने 7 ओवर में बगैर विकेट गंवाए 64 रन बनाए थे, मगर यहां से स्पिनर सोफी मोलिनेक्स ने अपना कहर बरपाया और शुरुआती 4 गेंदों पर ही 3 विकेट लेकर आरसीबी की वापसी करा दी। शेफाली (44) बाउंड्री पर कैच आउट हुईं। इसके बाद जेमिमाह रोड्रिग्ज और एलिस कैप्सी बगैर खाता खोले आउट हुईं। सोफी ने इन दोनों को क्लीन बोल्ड किया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिताब जीतने पर फैंस में उत्साह व खुशी देखी गईं। स्टेडियम में RCB की जीत का जमकर जश्न मनाया गया वही खिलाड़ियों में भी खुशी देखी गई।

More Stories
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में ऊर्जा विभाग बना नबंर-1 : ऊर्जा मंत्री तोमर