October 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Rani Kajal Mata Temple Barwani: आदिवासी परंपरा और गायणा पद्धति से होगी मूर्ति स्थापना, शिरपुर में तराशी गई प्रतिमा

ग्राम खारिया में बन रहा रानी काजल माता का भारत में सबसे भव्य मंदिर, 6.5 फीट सबसे ऊंची मूर्ति की 13 नवंबर को गायणा आदिवासी पूजा पद्धति परंपरा से होगी स्थापना

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की वरला तहसील के ग्राम खारिया स्थित रानी काजल पहाड़ पर आदिवासी समाज की आराध्य कुलदेवी रानी काजल माता का भव्य मंदिर लगभग बनकर तैयार हो चुका है। मंदिर में माता की 6.5 फीट ऊंची मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति स्थापना के लिए 10 से 13 नवंबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम के अनुसार, 10 नवंबर को महाराष्ट्र के शिरपुर तालुका में माता की मूर्ति तराशने का कार्य किया जा रहा हैं। 12 नवंबर को मूर्ति को रानी काजल पहाड़ पर पहुंचाया जाएगा, जबकि 13 नवंबर को गायणा आदिवासी पूजा पद्धति के अनुसार पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सामूहिक मूर्ति स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर आसपास के गांवों के पटेल, पुजारा, कुटवाव, वारती, डाहला सहित विभिन्न गांवों के पारंपरिक प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के शामिल होने की अपेक्षा है। 13 नवंबर को सामूहिक भंडारे एवं माता की प्रसादी का आयोजन भी रखा गया है। यह पहल आदिवासी समाज की पारंपरिक आस्था, सांस्कृतिक पहचान और सामुदायिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रानी काजल आदिवाणी ग्राम विकास केंद्र, खारिया के माध्यम से मंदिर निर्माण, रानी काजल पहाड़ तक पहुंच मार्ग के विकास और आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य केवल मंदिर निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की पारंपरिक पूजा पद्धति, मान्यताओं और सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना भी है। मंदिर परिसर को भविष्य में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और ग्राम विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है। रानी काजल माता की मूर्ति स्थापना का यह आयोजन आसपास के गांवों के लोगों को एकजुट करने और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने का अवसर बनेगा।

Share to...