April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

भाजपा सरकार पर जमकर बरसे राहुल गांधी, कांग्रेस सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराने की कही बात

शाजापुर: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का प्रचार जोर पकड़ने लगा है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा में आज शनिवार को कांग्रेस नेता व सांसद राहुल गांधी शामिल हुए और बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा के पोलायकला पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, यह विचारधाराओं की लड़ाई है जिसमें एक तरफ कांग्रेस है और दूसरी तरफ बीजेपी और आरएसएस है। गांधीजी एक तरफ और गोडसे दूसरी तरफ। ये लड़ाई नफरत बनाम प्यार और भाईचारे की है।

शाजापुर में राहुल गांधी भाजपा सरकार पर जमकर बरसे और कई बाते कही।

राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान हम मध्यप्रदेश में 370 किलोमीटर चले। यात्रा के दौरान हम किसानों, युवाओं और माताओं-बहनों से मिले। उन्होंने मुझसे कहा कि मध्यप्रदेश हिंदुस्तान में भ्रष्टाचार का सेंटर है।
भाजपा ने बच्चों के फंड, मिड-डे मील और स्कूल यूनिफॉर्म के फंड के साथ महाकाल कॉरिडोर में पैसा चोरी किया। व्यापम स्कैम में 1 करोड़ युवाओं को नुकसान पहुंचाया। यहां MBBS की सीट्स बेची जाती है और पेपर लीक किया जाता है। ये इनका राज है।

मध्यप्रदेश के किसानों ने कहा कि यहां सरकार उनके फसलों का सही दाम नहीं देती है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार ने किसानों से जो वादा किया, उसे पूरा करके दिखाया। हमने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक में किसानों का कर्जा माफ किया लेकिन यहां भाजपा ने धोखा देकर सरकार चोरी कर ली।

प्यार, विश्वास और ऊर्जा से भरे जनसैलाब का साफ संदेश- मध्य प्रदेश में आ रही है कांग्रेस।
मैंने संसद में अडानी के मुद्दे पर जैसे ही भाषण दिया। बीजेपी ने मेरी लोकसभा की सदस्यता रद्द कर दी। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता, मैं सच्चाई बोलता हूं।
इंफ्रास्ट्रक्चर, डीजल-पेट्रोल, फर्टिलाइजर के जरिए जनता की जेब से पैसा निकलता है और सीधा उद्योगपतियों की जेब में जाता है। हमने कर्नाटक में गरीबों, महिलाओं, किसानों के लिए 5 गारंटी दीं और उन्हें पूरा किया। कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें गरीबों और कमजोरों के लिए काम करती हैं।
सरकार जनता के लिए होनी चाहिए, ना कि एक या दो उद्योगपतियों के लिए। हम मध्य प्रदेश में ऐसी ही सरकार चलाना चाहते हैं। बीजेपी ने कुछ दिन पहले महिला आरक्षण की बात की। इसपर कांग्रेस पार्टी ने सवाल पूछा ‘महिला आरक्षण में OBC को आरक्षण क्यों नहीं दिया गया?’ पीएममोदी कहते हैं कि BJP में OBC के MLA और MP हैं। ऐसे में आप यह याद रखिए कि कांग्रेस के 3 मुख्यमंत्री OBC हैं।

हिंदुस्तान में OBC की आबादी कितनी है? क्या आपको पता है? इस सवाल का जवाब कोई नहीं दे सकता। इस सवाल का जवाब सिर्फ ‘जातिगत जनगणना’ से ही मिल सकता है। कांग्रेस की सरकार बनते ही हम जातिगत जनगणना कराएंगे।

राहुल गांधी की जनसभा मे बड़ी संख्या में लोगो का हुजूम उमड़ा। राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आम लोगो से कांग्रेस को वोट देकर कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील की।

इस दौरान सभा मे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान राज्यसभा सांसद दिग्विजयसिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share to...