April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महेश्वर कैबिनेट बैठक एवं मण्डलेश्वर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूर्ण, 982.59 करोड़ की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का होगा शिलान्यास

महेश्वर: लोक माता देवी अहिल्या की 300 वीं जन्म जयंती पर खरगोन जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन नगरी महेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 24 जनवरी शुक्रवार को केबिनेट बैठक का आयोजन होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव केबिनेट बैठक के बाद मण्डलेश्वर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

महेश्वर में केबिनेट बैठक एवं मण्डलेश्वर में जनसभा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। केबिनेट बैठक के लिए एमपीटी के नर्मदा रिट्रीट को महेश्वर किले की तर्ज पर सजाया गया है। महेश्वर में किले के साथ ही अहिल्या घाट एवं सड़कों की साफ-सफाई एवं रंग रोगन का कार्य पूर्ण हो चुका है। अहिल्या घाट पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्री मण्डल के सदस्यों द्वारा मॉ नर्मदा का पूजन किया जाएगा।

मण्डलेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण की 982 करोड़ 59 लाख रुपये की महेश्वर जानापाव उद्वहन सिंचाई परियोजना का शिलान्यास होगा। इस परियोजना के पूर्ण होने पर खरगोन जिले की महेश्वर, धार जिले की पिथमपुर एवं इंदौर जिले की मऊ तहसील के कुल 123 ग्रामों के किसानों के खेत में सिंचाई के लिए नर्मदा का जल पहुंचेगा।

Share to...