नईदिल्ली: देशभर में 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाई जा रही है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं साथ ही उन्होंने सभी को माघ बिहू और उत्तरायण की शुभकामनाएं भी दीं। संक्रांति के दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करता है और इसे उत्तरायण पर्व भी कहते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर बैक टू बैक पोस्ट में मकर संक्रांति, माघ बिहू और उत्तरायण की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, ‘सभी देशवासियों को मकर संक्रांति की असीम शुभकामनाएं। तिल और गुड़ की मिठास से भरा भारतीय संस्कृति एवं परंपरा का यह दिव्य अवसर हर किसी के जीवन में प्रसन्नता, संपन्नता और सफलता लेकर आए। सूर्यदेव सबका कल्याण करें।’ पीएम मोदी ने कहा कि संक्रांति का यह पवित्र पर्व देश के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार मनाया जाता है। मैं भगवान सूर्य से सभी की खुशी, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।
वही पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि उत्तरायण के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं! मकर संक्रांति का यह पवित्र त्योहार आपके जीवन को खुशियों से भर दे और सभी को अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली का आशीर्वाद मिले। यह आनंदमय उत्सव एकजुटता के बंधन को और मजबूत करे और सभी के लिए समृद्धि और सकारात्मकता लाए।
प्रधानमंत्री ने असम और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में मनाए जाने वाले त्योहार माघ बिहू की भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि माघ बिहू फसल, समृद्धि, खुशहाली और एकता का उत्सव है। यह त्योहार हर घर में समृद्धि, अच्छा स्वास्थ्य और खुशियां लाए। उन्होंने कहा कि कृतज्ञता और सद्भाव की भावना हमें उज्ज्वल और समृद्ध भविष्य की ओर अग्रसर करती रहे।

More Stories
पीएम मोदी ने मन की बात में जनगणना में जन भागीदारी सहित अन्य मुद्दों पर की बात
बागेश्वर धाम जा रही यात्री बस में ग्वालियर में झांसी रोड थाने के सामने लगी भीषण आग, पुलिस की तत्परता से बचीं कई जिंदगियां
नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव बाबा महाकाल की भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन