नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए आज दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुए हैं। शाम करीब 5.15 पर पीएम मोदी जोहान्सबर्ग पहुँचेगे।
दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आज से BRICS समिट शुरू हो रही है। कोरोना के बाद पहली बार ब्रिक्स देशों की मीटिंग ऑफलाइन होगी। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जोहान्सबर्ग पहुंच चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स में शामिल होने के लिए साउथ अफ्रीका के लिए रवाना हो चुके हैं। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच मुलाकात भी हो सकती है। वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस मीटिंग में आने से पहले ही मना कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोहान्सबर्ग के लिए रवाना होने से पहले ट्वीट कर कहा, “मैं दक्षिण अफ्रीका की अध्यक्षता में जोहान्सबर्ग में आयोजित होने वाले 15वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के निमंत्रण पर 22-24 अगस्त 2023 तक साउथ अफ्रीका का दौरा कर रहा हूं.”
अपने जोहान्सबर्ग दौरे को लेकर पीएम मोदी ने कहा, “ब्रिक्स विभिन्न क्षेत्रों में एक मजबूत सहयोग एजेंडा अपना रहा है। हम इस बात को महत्व देते हैं कि ब्रिक्स विकास की अनिवार्यताओं और बहुपक्षीय प्रणाली में सुधार समेत ग्लोबल साउथ की चिंता के मुद्दों पर चर्चा और विचार-विमर्श करने का एक मंच बन गया है। यह शिखर सम्मेलन ब्रिक्स को सहयोग के भविष्य के क्षेत्रों की पहचान करने और संस्थागत विकास की समीक्षा करने का एक उपयोगी अवसर प्रदान करेगा।
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के बाद पीएम मोदी ग्रीस जाएंगे। साउथ अफ्रीका के बाद प्रधानमंत्री मोदी 25 अगस्त को ग्रीस दौरे पर रवाना होंगे। बयान में कहा गया है, “ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस के निमंत्रण पर 25 अगस्त को एथेंस की यात्रा पर जाऊंगा। इस प्राचीन भूमि की यह मेरी पहली यात्रा होगी। मुझे 40 वर्षों के बाद ग्रीस की यात्रा करने वाला पहला भारतीय प्रधान मंत्री होने का सम्मान प्राप्त हुआ है।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम