दिल्ली: भाजपा मुख्यालय के विस्तार का लोकार्पण हो रहा है। इसके लिए खुद प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। पीएम मोदी इस दौरान उन तमाम मजदूरों से भी मिले जिन्होंने इस कार्यालय का निर्माण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी दफ्तर में पूजा-अर्चना की।
पार्टी के इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रेरणास्त्रोत दीन दयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। बताते चलें कि पार्टी की तरफ से बनाए गए विस्तारित कार्यालय में रिहायशी कॉम्प्लेक्स और ऑडिटोरियम का निर्माण किया गया है।
भाजपा दफ्तर का एक्सटेंशन इसलिए किया गया है क्योंकि पार्टी का कोई राष्ट्रीय स्तर का नेता अगर बाहर से दिल्ली आता है तो वो इसमें ठहर सकता है। इसके अलावा दिल्ली भाजपा के ऑफिस का भी आज शिलान्यास किया गया। बता दें कि दिल्ली भाजपा का ऑफिस भी सेंट्रल ऑफिस के पास ही बन रहा हैं।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्रीय कार्यालय के विस्तार की बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस कार्यालय की आत्मा हमारा कार्यकर्ता है। यह सिर्फ भवन का विस्तार नहीं, हर एक कार्यकर्ता के सपनों का विस्तार है।
पीएम मोदी ने कहा जब जनसंघ की शुरुआत हुई तो दिल्ली के अजमेरी गेट के पास एक छोटे से ऑफिस से इसकी शुरुआत हुई। उस वक्त हम देश के लिए बड़े सपने देखने वाली छोटी पार्टी थे।
पीएम ने कहा, हम तो वो दल हैं जिसने इमरजेंसी के दौरान अपने ही दल की आहुति दी। इस दौरान पीएम ने कहा हम वो दल हैं जिसने दो लोकसभा सीटों के साथ सफर की शुरुआत की और आज (2019 के लोकसभा चुनाव में) हम 303 सीटों वाला दल हैं। आज कई राज्यों में हमें 50% से ज्यादा वोट मिलते हैं। आज उत्तर से दक्षिण तक.. पूरब से पश्चिम तक, भाजपा एकमात्र पैन इंडिया पार्टी है।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि आज जांच एजेंसियों पर सवाल उठाया जा रहा है। भ्रष्टाचारियों की जड़े हिल गई हैं। सारे भ्रष्टाचारी एकजुट हो गए हैं। हमने भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया। कुछ दलों ने भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। संवैधानिक संस्थाओं पर हमला किया जा रहा है। न्यायप्रणाली पर सवाल खड़ा किया जा रहा है। कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाया जा रहा है।
पीएम मोदी के इस बयान को राहुल गांधी के ऊपर हुई कार्रवाई से जोड़ कर देखा जा रहा है।
फैमिली रन पार्टियों के बीच भाजपा एक ऐसा दल है जो युवाओं को आगे आने के लिए मौका देता है। आज भारत की माताओं-बहनों का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। पीएम ने कहा, भाजपा सिर्फ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ही नहीं बल्कि सबसे फ्यूचरिस्टिक पार्टी है।
पीएम मोदी बोले, आज से कुछ दिन बाद हमारी पार्टी अपना 44वां स्थापना दिवस मनाएगी। ये यात्रा एक अनथक और अनवरत यात्रा है, ये यात्रा परिश्रम की पराकाष्ठा की यात्रा है। ये यात्रा समर्पण और संकल्पों की शिखर की यात्रा है। ये यात्रा विचार और विचारधारा के विस्तार की यात्रा है।
पीएम मोदी ने कहा देशवासियों के आशीर्वाद से हम आगे बढ़े हैं, बढ़ रहे हैं और बढ़ते ही रहेंगे। पीएम बोले भाजपा वो पार्टी नहीं जो अखबारों, टीवी चैनलों से पैदा नहीं हुई। भाजपा कोई यूट्यूब चैनलों और ट्विटर हैंडलों से पैद नहीं हुई जबकि भाजपा तो जमीन से पैदा हुई पार्टी है।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी की तरफ से तय हुआ कि सभी जिलों में पार्टी का कार्यालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 499 जिलों में पार्टी ऑफिस बनाया जाएगा। जेपी नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के साथ-साथ पार्टी को भी आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि know BJP कार्यक्रम के तहत 56 देशों के राजदूत बीजेपी ऑफिस में आ चुके हैं और उन्होंने बीजेपी को समझा हैं।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट