April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी ने ओडिशा को दी पहली वन्दे भारत एक्सप्रेस की सौगात, ट्रेन पूरी को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से जोड़ेगी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुरुवार को ओडिशा में 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत की और राज्य की पहली ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन पुरी को पश्चिम बंगाल के हावड़ा से जोड़ेगी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ आधुनिक भारत और आकांक्षी भारतीय दोनों का प्रतीक बन रही हैं और जब वह एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाती है, तो उसमें भारत की गति और प्रगति भी दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि आज बंगाल और ओडिशा में वंदे भारत की गति और प्रगति दस्तक देने जा रही है और इससे रेल यात्रा का अनुभव भी बदलेगा। उन्होंने कहा, ”अब कोलकाता से दर्शन के लिए पुरी जाना हो या पुरी से किसी काम के लिए कोलकाता जाना हो तो यह यात्रा केवल 6.30 घंटे में पूरी होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश के अलग-अलग राज्यों में 15 वंदे भारत ट्रेन चल रही है और यह आधुनिक ट्रेन देश की व्यवस्था को भी रफ्तार दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कठिन से कठिन वैश्विक हालातों में भी भारत ने अपने विकास की गति को बनाए रखा और इसके पीछे एक बड़ा कारण है कि इस विकास में हर राज्य की भागीदारी है।

ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। हावड़ा स्टेशन पर भी वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के लिए एक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि 22895/22896 हावड़ा-पुरी-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 20 मई से शुरू होगा।

सप्ताह में छह दिन चलने वाली ट्रेन हावड़ा से सुबह छह बजकर 10 मिनट पर खुलेगी और दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर पुरी पहुंचेगी। वापसी में यह पुरी से दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और रात साढ़े आठ बजे हावड़ा पहुंचेगी। सोलह कोच वाली यह ट्रेन खड़गपुर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड स्टेशनों पर रुकेगी।

Share to...