जम्मू कश्मीर: जम्मू कश्मीर में एक बड़ा आतंकी हमला हुआ हैं। कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम कस्बे में आज मंगलवार को एक पर्यटक रिसॉर्ट में आतंकवादियों की ओर से की गई गोलीबारी में 2 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग घायल हो गए हैं। ये गोलीबारी पहलगाम की बैसरन घाटी के ऊपरी इलाकों में हुई है। सूत्रों ने बताया कि ये एक योजना के तहत किया गया हमला है। आतंकियों ने धर्म पूछकर गोली मारी है।
खास बात ये है कि जम्मू-कश्मीर में कुछ इलाके हैं जहां आतंकवाद नजर नहीं आता है, उनमें पहलगाम भी है। इस बार आतंकियों ने इसे भी निशाना बनाया है। सीआरपीएफ की अतिरिक्त क्विक रिएक्शन टीम घटनास्थल पर तैनात की गई। खुफिया सुरक्षा एजेंसी सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में TRF आतंकी ग्रुप के हाथ होने की आशंका है। खुफिया सुरक्षा एजेंसी के मुताबिक, हमलावर पुलिस यूनिफॉर्म में थे और उनकी तादाद 2 से 3 थी। सूत्रों के हवाले से पता चला है कि ये पर्यटक राजस्थान से आए थे। ये एक टूरिस्ट इलाका है और गर्मियों की छुट्टियां शुरू होने वाली हैं, ऐसे में धीरे-धीरे लोग इलाके में घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। इस हमले के पीछे पाकिस्तान के आतंकियों का हाथ बताया जा रहा है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, हाल में पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर ने हिंदुओं को लेकर भड़काऊ बयान दिया था। इसके तुरंत बाद ही आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया है। सरकारी सूत्रों ने दावा किया है कि यह बहुत साफ था कि असीम मनीर लश्कर, जैश और हिजबुल जैसे आतंकवादी समूहों को जम्मू-कश्मीर में हमले करने के लिए उकसा रहा था। इसके साथ ही अमरनाथ यात्रा भी कुछ दिनों में शुरू होने वाली है। इसके अलावा, आतंकियों ने टूरिस्टों को ऐसे समय में निशाना बनाया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुस्लिम देश सऊदी अरब के दौरे पर गए हैं।
इस हमले को लेकर पूर्व डीजीपी ने कहा, पहलगाम में हुआ आतंकी हमला चिंताजनक खबर है क्योंकि कुछ दिनों में अमरनाथ यात्रा शुरू होने वाली है और इसका बेस कैंप पहलगाम में ही है साथ ही भारी तादात में टूरिस्ट भी पहुंच रहे हैं। ज्यादातर आतंकी टूरिस्टों पर हमला नहीं करते हैं, इससे स्थानीय निवासियों के व्यापार पर भी असर पड़ता है।
इसके हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा, “मैं जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदना है. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं “
पीएम मोदी ने कहा, प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा…उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनका नापाक एजेंडा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने का संकल्प लिया। एलजी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मैं पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि इस घृणित हमले के पीछे जो लोग हैं, उन्हें सजा नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अन्य सुरक्षा अधिकारियों से बात की है और सेना और पुलिस की टीमों को तलाशी अभियान शुरू करने के लिए इलाके में भेजा गया है। उन्होंने कहा, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को पहलगाम में भर्ती लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का निर्देश दिया है। एक घायल पर्यटक को जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम