April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

ईरान से भारतीयों को निकालने के लिए शुरू हुआ ऑपरेशन सिंधु, 110 भारतीय छात्रों को लेकर पहुँचा विशेष विमान भारत

नईदिल्ली: ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष जारी है जो लगातार भीषण होता जा रहा है। इसी बीच ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों के लिए राहत की खबर सामने आई है। भारत सरकार ने ईरान में रह रहे भारतीयों की सकुशल घर वापसी के लिए ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत की है। ऑपरेशन सिंधु के जरिए भारतीयों को सुरक्षित ईरान से लाया जाएगा।

ऑपरेशन सिंधु के तहत युद्धग्रस्त ईरान से निकाले गए 110 भारतीय छात्रों को लेकर एक विशेष विमान आज गुरुवार तड़के दिल्ली पहुंचा। इन स्टूडेंट्स को पहले ईरान से आर्मेनिया पहुंचाया गया था, जहां से उन्हें भारत लाया गया। इन स्टूडेंट्स में 90 स्टूडेंट्स जम्मू-कश्मीर से हैं, जो मुख्य रूप से मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे।

एयरपोर्ट पर छात्रों के परिजन बेसब्री से अपने बच्चों का इंतजार कर रहे थे। कोटा, राजस्थान से आए एक पिता ने कहा, “मेरा बेटा ईरान में एमबीबीएस कर रहा था। वह अब भारत सरकार द्वारा भेजे गए विशेष विमान से लौट रहा है। मैं भारतीय दूतावास का धन्यवाद करता हूं।

वॉर जोन से आए छात्र अमान अजहर ने दिल्ली में लैंड करने के बाद कहा, “मैं बहुत खुश हूं। शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि अपने परिवार से मिलकर कैसा महसूस कर रहा हूं। ईरान में हालात बहुत खराब हैं। वहां के लोग भी हमारी तरह हैं, छोटे-छोटे बच्चे हैं जो तकलीफ में हैं। युद्ध किसी के लिए अच्छा नहीं होता। यह इंसानियत को खत्म कर देता है।

भारत सरकार की इस त्वरित कार्रवाई की परिजनों ने खुले दिल से सराहना की, लेकिन साथ ही उन छात्रों के लिए चिंता जताई जो अभी भी ईरान के वॉर जोन, खासकर तेहरान में फंसे हुए हैं।

भारतीय दूतावास की नागरिकों को एडवाइजरी

15 जून को भारतीय दूतावास ने एक एडवाइजरी जारी कर भारतीय नागरिकों और भारतवंशियों से गैरजरूरी आवाजाही से बचने और आधिकारिक चैनलों से संपर्क में बने रहने की अपील की थी।
भारत की अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान ने अपने जमीनी मार्गों से सुरक्षित निकासी का आश्वासन दिया है, क्योंकि ईरानी एयरस्पेस अभी बंद है। छात्रों को आजरबैजान, तुर्कमेनिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों के जरिए बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

फिलहाल, ईरान में 4,000 से अधिक भारतीय नागरिक हैं, जिनमें लगभग आधे छात्र हैं। भारत सरकार ईरानी अधिकारियों के साथ मिलकर वहां फंसे अन्य नागरिकों की सुरक्षित वापसी की कोशिश में जुटी है।

Share to...