April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सावन के अंतिम सोमवार बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में किया भव्य आकर्षक श्रृंगार, राखी अर्पित कर सवा लाख लड्डुओं का लगाया भोग

उज्जैन(डॉ हीना तिवारी): आज पवित्र सावन माह का 5वां और अंतिम सोमवार है। देशभर के शिवालयों, ज्योतिर्लिंगों पर बाबा भोलेनाथ के भक्त सुबह से ही बड़ी संख्या में बाबा के दर्शन पूजन के लिए पहुँचे है और दर्शन पूजन कर धन्य लाभ ले रहे हैं।

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर में भी आज देर रात से ही बड़ी संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन पूजन के लिए मंदिर पहुँचे है कतार में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। आज श्रावण के आखिरी सोमवार को बाबा महाकाल मंदिर के पट देर रात्रि 2.30 बजे खोल दिए गए। बाबा महाकाल का पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया। बाबा की भस्मारती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। भस्म आरती के समय पंडे पुजारियों के परिवार की ओर से बाबा महाकाल को बड़ी राखी अर्पित की गई। बेसन और शुद्ध घी से बने सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया गया। भस्म आरती में बाबा महाकाल का राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया है। दर्शन का सिलसिला आज रात 10.30 बजे तक चलता रहेगा। 4 लाख से ज्यादा भक्तों के आने की संभावना है।

बड़ी संख्या में बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुँचे है। जय श्री महाकाल, हर हर महादेव, बोल बम बोल बम महाकाल महाराज की जय के जयकारों से आकाश गुंजायमान हो रहा है। हर कोई बाबा महाकाल की एक झलक पाने को आतुर है।

वही आज शाम 4 बजे सावन माह की अंतिम सवारी निकाली जाएगी। बाबा महाकाल होलकर मुखारविंद स्वरूप में प्रजा का हाल जानने निकलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सवारी में शामिल होंगे। सीआरपीएफ बैंड साथ चलेगा। इस बार यह खास संयोग रहा कि सावन महीने की शुरुआत सोमवार से हुई और इसका समापन भी आज सोमवार से हो रहा है। इसीलिए आज अंतिम सोमवार बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुँचे है।

उज्जैन सहित अन्य सभी ज्योतिर्लिंगों पर भी भक्तो का जनसैलाब उमड़ पड़ा है और भक्त अपने भगवान के दर्शन के लिए लालायित नजर आ रहे है।

Share to...