April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

शहडोल में खुलेगा नया शासकीय महाविद्यालय, सीएम ने किया करोड़ो रूपये के विकास कार्यो का भूमिपूजन व लोकार्पण

शहडोल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शहडोल के एकदिवसीय दौरे पर थे। जहाँ उन्होंने आहार अनुदान योजना में पात्र परिवारों को राशि अंतरण और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के समारोह में शामिल होकर जनता को करोड़ो रूपये की सौगात दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शहडोल में नया शासकीय महाविद्यालय प्रारंभ किया जाएगा। इस अंचल के विकास के विशेष प्रयास होंगे। आदिवासी बहुल शहडोल संभाग तीव्र गति से प्रगति करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी रहा है। नए महाविद्यालय और विश्वविद्यालय आने वाली पीढ़ी के लिए विकास के नए द्वार खोलते हैं। शहडोल अंचल में शैक्षणिक सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे जनजातीय समाज के युवा उच्च शिक्षित होकर नए-नए रोजगारों से जुड़ेंगे। इस क्षेत्र में सहजन अर्थात् मुनगा का भी उत्पाद काफी मात्रा में होता है। स्वाद और सेहत में बेजोड़ माने गए सहजन को अन्य प्रदेशों तक भेजा जाता है। इसके उत्पादन को पहचान दिलवाने और उत्पादकों को लाभान्वित करने के लिए योजना पर अमल किया जायेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आहार अनुदान योजना में मध्य प्रदेश के ऐसे 14 जिलों जहां बैगा, भारिया और सहरिया विशेष पिछड़ी जनजाति के लोग बहुतायत से रहते हैं, कुल 29 करोड़ 11 लाख रुपए की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल में विभिन्न 16 कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी किया। लोकार्पित कार्यों की लागत 35 करोड़ 94 लाख रुपए है। जिन कार्यों का शिलान्यास हुआ उनकी लागत 15 करोड़ 55 लाख रुपए है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के जनजाति बहुल विकासखंडों में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय वर्ग के विकास के लिए पहल की है। किसी समय मिलेट्स (श्रीअन्न) को गरीबों का अन्न कहा गया था, हमारे देश का मुख्य आहार चावल, कोदो कुदकी, ज्वार-बाजरा ही रहा है। यह स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है। प्रधानमंत्री मोदी ने मोटे अनाज अर्थात श्रीअन्न के उपयोग पर जोर दिया है। देश में मोटे अनाजों का प्रचलन बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार ने श्रीअन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना लागू करने का निर्णय लिया है। योजना के अंतर्गत श्रीअन्न – कोदो-कुटकी, रागी, ज्वार, बाजरा आदि के उत्पादन करने वाले किसानों को प्रति किलो 10 रुपए की अतिरिक्त राशि प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के खाते में अंतरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसके पूर्व शहडोल में स्पोर्ट्स काम्पलेक्स का लोकार्पण भी किया। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पंडित शंभुनाथ शुक्ला विश्वविद्यालय में एक करोड़ रूपए की लागत से अत्याधुनिक खेल परिसर, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशने का कार्य करेगा। शहडोल वनांचल है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता अनूठी है। प्रधानमंत्री मोदी जनजातीय क्षेत्रों और वनवासी वर्ग के विकास के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। नई शिक्षा नीति के माध्यम से खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया है। जनजातीय वर्ग से अनेक प्रतिभाएं उभर कर आई हैं, जो खेल क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। एक समय था जब एशियाई खेलों और ओलम्पिक में कुश्ती के अतिरिक्त किसी भी खेल में पदक प्राप्त नहीं होते थे। आज भारतीय खिलाड़ी अनेक खेलों में पदक प्राप्त कर रहे हैं। जनजातीय युवाओं को खेलों में पूरा प्रोत्साहन दिया जाएगा, संसाधनों की कमी आड़े नहीं आएगी।

जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को 1500 रूपए मासिक राशि पोषण आहार के लिए दी जा रही है। यह मासिक अनुदान राशि पूर्व में एक हजार रूपए थी। जनजाति वर्ग के लोगों के लिए विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की शहडोल में हुई जन आभार यात्रा का जनता ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। डॉ. यादव ने जनता का अभिवादन किया। यात्रा के मार्ग में दोनों ओर जनता स्वागत के लिये उत्सुक दिखाई दी।

कार्यक्रम में कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, महिला वित्त विकास निगम की अध्यक्ष अमिता चपरा, विधायक मीना सिंह, जय सिंह मरावी, शरद कोल, मनीषा सिंह सहित शिवनारायण, श्रीमती प्रभा मिश्रा एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

Share to...