April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण समारोह एवं संगीत संध्या” का आयोजन 27-28 सितम्बर को, मुख्य कार्यक्रम 28 को सीएम होंगे शामिल

इंदौर: संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से “राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान अलंकरण एवं संगीत संध्या का आयोजन 27 एवं 28 सितम्बर 2025 को लता मंगेशकर सभागार वी.आई.पी. परस्पर नगर इन्दौर में आयोजित किया जाएगा। 27 सितम्बर को स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य कार्यक्रम 28 सितम्बर को होगा।

मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी करेंगे।

संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि शनिवार, 27 सितम्बर को शाम 7 बजे समारोह का शुभारंभ होगा। प्रथम दिवस “अमर लता हमारी लता… सुगम-संगीत संध्या” का आयोजन होगा, जिसमें प्रमुख कलाकार सृष्टि जगताप, निष्ठा कंडारा, शुभ्रा अग्निहोत्री, मानसी पाण्डे, साना जैन, गुरुषा दुबे, स्वरांश पाठक, कार्तिक जोशी, अपर्णा सेन, सनाया दहाले, मोना ठाकुर और हर्षद शेंवगांवकर द्वारा प्रस्तुति दी जायेगी। समारोह में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।

समारोह में 28 सितम्बर को वर्ष 2024 के लिए सुविख्यात संगीत निर्देशक शंकर-एहसान लॉय, मुम्बई एवं वर्ष 2025 के लिए सुप्रतिष्ठित पार्श्व गायक सोनू निगम, मुम्बई को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से विभूषित किया जायेगा। अलंकरण के उपरान्त संगीत संध्या का आयोजन होगा, जिसमें पार्श्व गायक अंकित तिवारी एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

लता मंगेशकर शासकीय संगीत महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा 27 सितम्बर को प्रातः 11 बजे से लता मंगेशकर सभागार, वीआईपी परस्पर नगर इन्दौर में राज्य स्तरीय लता मंगेशकर सुगम संगीत प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। प्रतियोगिता में जूनियर आयु वर्ग में 8 से लेकर 15 वर्ष एवं सीनियर वर्ग में 16 वर्ष से लेकर 26 वर्ष के आयु वर्ग के संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी सम्मिलित होंगे।

Share to...