April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

इंदौर विधानसभा 4 के वार्ड 67 में महापौर ने किया नवनिर्मित सीएम संजीवनी क्लिनिक का शुभारंभ

इंदौर: नगर निगम इंदौर द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत शहर में CM संजीवनी क्लिनिक की स्थापना की जा रही है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र-4 के वार्ड 67 स्थित बालदा कॉलोनी में नवनिर्मित संजीवनी क्लिनिक का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा “हमें स्वच्छ इंदौर में रहने का सौभाग्य मिला है, अब हमारा लक्ष्य है कि इसे देश का सबसे स्वस्थ शहर भी बनाया जाए। इंदौर में 105 से अधिक संजीवनी क्लिनिक बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 72 से अधिक तैयार हो चुके हैं। अब सबसे बड़ी चुनौती है – उनके संचालन की व्यवस्था।

उन्होंने बताया कि इंदौर जनभागीदारी के मॉडल को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है और राज्य शासन से आग्रह के बाद 5 संजीवनी क्लिनिक जनसहयोग से संचालित करने की अनुमति दी गई, जो अब शुरू हो चुके हैं। “यह क्लिनिक गरीबों के इलाज के लिए समर्पित हैं, जहाँ 117 प्रकार की जांच और 200 से अधिक दवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाएंगी। इंदौर अब ऐसा पहला शहर बन गया है जो जनभागीदारी से स्वास्थ्य केंद्रों का संचालन कर रहा है। ये सुविधाएं शहर की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक मील का पत्थर साबित होंगी।”

वही इस अवसर पर विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ ने कहा की “वार्ड 67 में मुख्यमंत्री के संकल्प को साकार रूप देने का काम हुआ है। इस संजीवनी क्लिनिक के खुलने से क्षेत्र के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए मैं नगर निगम और महापौर को धन्यवाद देती हूँ, जिन्होंने यह महत्वपूर्ण सौगात वार्ड को दी है।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती मालिनी गौड़, वार्ड की पार्षद श्रीमती प्रिया डांगी, वैष्णव संस्था के पुरुषोत्तम पसारी सहित जनप्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share to...