April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव शिवसेना शिंदे गुट ने की 45 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, सीएम एकनाथ शिंदे यहां से लड़ेंगे चुनाव

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए शिंदे गुट की शिवसेना ने 45 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे कोपरी पाचपाखाडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने रत्नागिरी सीट से उदय सावंत को टिकट दिया है। भंडारा से नरेंद्र भोंडेकर को टिकट दिया है।

एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने मौजूदा सांसद रवींद्र वायकर की पत्नी मनीषा वायकर को उम्मीदवार बनाया है। वायकर ने लोकसभा चुनाव से पहले ठाकरे समूह का समर्थन करके शिंदे का साथ देने का फैसला किया था। जिसके बाद अब रवींद्र वायकर की पत्नी भी चुनाव लड़ती नजर आएंगी।

शिंदे की शिवसेना ने मुंबई से 6 लोगों की उम्मीदवारी का ऐलान किया है। इन 6 लोगों में 2 महिला उम्मीदवार हैं। इनमें मनीषा वायकर, दिलीप लांडे (चांदिवली), प्रकाश सुर्वे (मगाठाणे), मंगेश कुडालकर (कुर्ला), सदा सरवणकर (माहिम) और यामनी जाधव (भायखला) शामिल है।

विदित हो कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होंगे और 23 नवंबर को मतगणना होगी। महाराष्ट्र में एक ही चरण में चुनाव होगा। चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि महाराष्ट्र में 9 करोड़ 63 लाख मतदाता होंगे। जिसमें 5 करोड़ पुरुष वोटर हैं। इसके लिए एक लाख पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। महाराष्ट्र के हर बूथ पर करीब 960 वोटर होंगे। इस बार मुंबई में पोलिंग बूथ बढ़ाए गए हैं।।

महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के मंगलवार को पहले दिन 57 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 29 अक्टूबर को खत्म होगी और अगले दिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख चार नवंबर है।

Share to...