September 5, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Madhya Pradesh Crime News Mauganj Tilya Village: मऊगंज जिले में सनसनीखेज वारदात, इलाज के बहाने घर में घुसे 5 नकाबपोश बदमाश

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तिलया गांव में गुरुवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ घर में ही संचालित एक मेडिकल स्टोर में घुसकर 5 नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने एक महिला को बंधक बना लिया और करीब 40 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाश महिला के पास से नकदी, सोने-चांदी के जेवर और मेडिकल स्टोर की सामग्री लूटकर मौके से फरार हो गए। इस बड़ी घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, और पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

🗡️ कट्टे और तलवार की नोक पर महिला को बनाया बंधक, मुंह में कपड़ा ठूंसकर की लूटपाट

घटना हनुमना थाना क्षेत्र के उपथाना अंतर्गत हाटा चौकी के तिलया गांव की है। घर पर संचालित ‘अंकुर मेडिकल स्टोर’ के संचालक अनिल कुमार साहू किसी काम से बाहर गए हुए थे, जिसके चलते उनकी पत्नी बेबी साहू एक बच्ची के साथ घर पर अकेली थीं और स्टोर संभाल रही थीं। रात करीब 10 बजे दो बाइक सवार युवक इलाज कराने के बहाने पहुंचे और उनके पीछे तीन अन्य बदमाश भी अंदर घुस आए। सभी बदमाश तलवार, गड़ासा और कट्टे जैसे खतरनाक हथियारों से लैस थे। बदमाशों ने महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर और हाथ-पैर बांधकर उन्हें लगभग 3 घंटे तक बंधक बनाए रखा, और घर में रखे जेवरात, नकदी व सामान लूटकर फरार हो गए।

🔍 मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेसिक टीम, आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश जारी

देर रात हुई इस भीषण डकैती की सूचना मिलते ही मऊगंज एसडीओपी सची पाठक और हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेसिक टीम को भी बुलाया गया। पीड़िता बेबी साहू के अनुसार, बदमाशों ने करीब 40 लाख की लूट की है। थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि फरियादिया की शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है, और पुलिस की अलग-अलग टीमें व संदिग्धों की सुरागरसी कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हैं।

Share to...