August 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Madhavnagar Police Action: जयपुर से दबोचा गया शातिर ठग, महंगे शौक पूरे करने के लिए महिलाओं को बनाता था निशाना

उज्जैन। शादी का झांसा देकर महिला से करीब 1.27 करोड़ रुपये ऐंठने और बाद में शादी से इनकार कर धमकी देने के मामले में माधवनगर पुलिस ने जयपुर निवासी 36 वर्षीय मनीष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, दो महंगे मोबाइल फोन और ऑनलाइन खरीदा गया सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार उज्जैन निवासी महिला ने 13 मई 2026 को माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी मार्च 2025 से उससे संपर्क में था और शादी का भरोसा दिलाकर अलग-अलग समय में रुपये लेता रहा। महिला के मुताबिक मार्च 2026 में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।


शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 207/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 351(3) और 69 के तहत जांच शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने 13 अगस्त को आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को पूछताछ और बरामदगी के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।


पुलिस का कहना है कि आरोपी महंगे शौक रखता था और अलग-अलग किराये के कमरों में रहकर महिलाओं से संपर्क करता था। पुलिस को आशंका है कि उसने इसी तरीके से अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया हो सकता है। फिलहाल डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन खरीदारी और आरोपी के संपर्कों की जांच की जा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे की संभावना है।

Share to...