August 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

शूटिंग स्टार मनु भाकर ने महाकाल दरबार में टेका माथा, सुख-समृद्धि की कामना की

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर के दरबार में गुरुवार सुबह ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर पहुँचीं। मनु भाकर अल सुबह भस्म आरती में शामिल हुईं, भगवान महाकाल की भक्ति में लीन होकर शिव साधना की और बाबा का आशीर्वाद लिया। भस्म आरती के दौरान मनु भाकर आम दर्शनार्थियों के साथ नंदी हॉल में बैठीं। उन्होंने श्रद्धा भाव से बाबा महाकाल की आराधना की और मंदिर की चौखट पर माथा टेककर सुख-समृद्धि एवं सफलता की कामना की।

🙏 बहुत समय से थी महाकाल दर्शन की इच्छा दर्शन के बाद मनु भाकर ने कहा कि “काफी समय से उनकी इच्छा भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने की थी, जो आज पूरी हो गई।” उन्होंने कहा कि यहाँ उन्हें बहुत कम समय मिला, लेकिन मंदिर में भक्तों की श्रद्धा और समर्पण देखकर उनका मन बेहद प्रसन्न हुआ। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। मनु भाकर ने कहा कि वह बाबा महाकाल से यही प्रार्थना करेंगी कि उनका आशीर्वाद सभी पर बना रहे और आने वाले समय में भी उन्हें मेहनत करने, आगे बढ़ने और देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने की शक्ति मिलती रहे। दर्शन के बाद मनु भाकर ने मंदिर परिसर में तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से उनका स्वागत व सत्कार किया गया।

✨ महाकाल के दरबार में दिग्गजों का लगातार आगमन बाबा महाकाल के दरबार में हर दिन देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। इसके साथ ही वीआईपी और वीवीआईपी श्रद्धालुओं, राजनेताओं, फिल्मी सितारों और खेल जगत के दिग्गजों का भी लगातार आगमन होता रहता है। मंदिर प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रोटोकॉल के अनुरूप दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करता है। मनु भाकर का महाकाल मंदिर पहुँचना भी इसी क्रम में खास रहा। एक ओर जहाँ उन्होंने आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर भस्म आरती में बाबा महाकाल की आराधना की, वहीं दूसरी ओर उनके प्रशंसकों में भी उन्हें देखने को लेकर खास उत्साह नजर आया।

Share to...