उज्जैन : देशभर में आज बड़े ही हर्षोल्लास के साथ गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया गया। घरों सहित सार्वजनिक पंडालों में विभीन्न शुभ मुहूर्त में श्रीगणेश जी की मूर्ति स्थापना की गई। देशभर के गणेश मंदिरों में सुबह से ही भक्तो का तांता लग गया। विघ्नहर्ता भगवान गणेश की पूजा में भक्त लीन नजर आए।
उज्जैन के चिंतामण गणेश मंदिर में भी सुबह से भक्तो का तांता लगा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर अलसुबह 4 बजे मन्दिर के पट खोले गए और भगवान श्रीगणेश का अभिषेक पूजन कर आकर्षक श्रृंगार किया गया। वही महाकाल मंदिर परिसर स्थित सिद्धिविनायक मंदिर में भी आकर्षक साज सज्जा कर सुबह से अभिषेक पूजन किया गया। अथर्वशीर्ष का पाठ किया गया। गणेश उत्सव का दस दिवसीय पर्व शनिवार को धूमधाम के साथ शुरू हुआ। सुबह से देर शाम तक अलग-अलग मुहूर्तों में भगवान गणेश जी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई।
वही उज्जैन के प्रसिद्ध मनछामन गणेश मंदिर में भी सुबह से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुँचे। प्राचीन मनछामन गणेश मंदिर में आकर्षक साज सज्जा की गईं। सुबह से ही अभिषेक पूजन किया गया। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
इंदौर स्थित प्रसिध्द खजराना गणेश मंदिर में भी 10 दिवसीय गणेशोत्सव पर्व की आज शुरुआत हुई। आज से गणेश चतुर्थी पर्व की शुरुआत हो गई है, और इस विशेष अवसर पर खजराना गणेश मंदिर में ध्वज पूजन की भव्य रस्म सम्पन्न हुई। दस दिवसीय गणेशोत्सव के पहले दिन, मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई और भव्य भोग का आयोजन किया गया। कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता, और नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने सपरिवार खजराना गणेश मंदिर में पहुंचकर ध्वज पूजन किया। इस अवसर पर गणेश भगवान की पूजा अर्चना बड़े श्रद्धा भाव से की गई। गणेश चतुर्थी की इस शुरुआत के मौके पर, मंदिर में सवा लाख लड्डुओं का भव्य भोग भी अर्पित किया गया। यह भोग सभी भक्तों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहा। गणेशोत्सव के इस दस दिवसीय महोत्सव की तैयारी पूरी धूमधाम से की गई है। खजराना मंदिर प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष कलेक्टर आशीष सिंह ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता और नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने भी इस पूजा में भाग लेकर पर्व की महत्ता को बढ़ाया। उनका सपरिवार पूजा में शामिल होना इस उत्सव की गरिमा को और भी बढ़ा रहा है। खजराना गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी के इस विशेष आयोजन ने भक्तों के बीच एक अद्भुत श्रद्धा और उत्साह का संचार किया है। आगामी दिनों में, गणेशोत्सव की धूमधाम और भी बढ़ने की उम्मीद है।
वही विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन के पत्रकारिता एवं जनसंचार अध्ययनशाला में भी गणेश उत्सव का अयोजन किया जा रहा है। आज गणेश उत्सव के पहले दिन गणेश चतुर्थी के अवसर पर कार्यपरिषद के वरिष्ठ सदस्य राजेश सिंह कुशवाह और विश्वविद्यालय के कुलानुशासक एवं अध्ययनशाला के विभागाध्यक्ष प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। पुरातत्वविद् डॉ रमण सोलंकी कार्यक्रम के विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस अवसर पर वाग्देवी भवन में श्री गणेश स्थापना एवं पूजन विधि सम्पन्न हुई। अतिथियों द्वारा वाग्देवी भवन में श्री विनायक और सरस्वती जी का पूजन किया गया।
उत्सव का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्वरूप का परंपरागत विधि- विधान के साथ पूजन- अर्चन कर स्थापना और आरती के साथ किया गया। अध्ययनशाला में दस दिनों तक विभिन्न धार्मिक आयोजन भी होंगे। शनिवार को उत्साह के साथ एकदंत का दस दिवसीय उत्सव शुरू हुआ। शहर में जगह-जगह सार्वजनिक स्थलों पर भी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई। गणेश मंदिरों में इस दौरान गणेश प्रतिमा का विशेष शृंगार किया गया।
कार्यपरिषद सदस्य राजेश सिंह कुशवाह ने कहा कि हिंदू धर्म में भगवान गणेश को प्रथम पूज्य देवता माना गया है। किसी भी शुभ और मांगलिक कार्यक्रम में सबसे पहले गणेश की वंदना और पूजा की जाती है। भगवान गणेश बुद्धि, सुख-समृद्धि और विवेक का दाता माना जाता है। कुशवाह ने उपस्थित जनों से इको फ्रेंडली गणेश जी की मूर्तियों का प्रयोग करने और पर्यावरण को संरक्षित करने का आग्रह किया।
प्रो शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि भाद्रपद गणेश चतुर्थी का काफी ज्यादा महत्व होता है। गणेश चतुर्थी का त्योहार भगवान गणेश के अवतरण के रूप में मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी के दिन, भगवान गणेश को बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि भाद्रपद माह में शुक्ल पक्ष के दौरान भगवान गणेश का प्राकट्य हुआ था।
कार्यक्रम के दौरान विभाग के समन्वयक डॉ सुशील शर्मा, डॉ अजय शर्मा, डॉ हीना तिवारी, वाग्देवी भवन में विभागाध्यक्ष डॉ शैलेन्द्र भारल सहित विभाग के शिक्षक, छात्र और कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
देशभर में आज से शुरू हुए गणेशोत्सव की धूम रहेगी। जगह जगह बड़े बड़े पंडालों में बड़ी बड़ी गणेशजी की प्रतिमाओं की स्थापना कर आकर्षक साज सज्जा की गई है और इसे देखने बड़ी संख्या में लग पहुचेंगे साथ ही श्री गणेश मंदिरों में भी आकर्षक साज सज्जा व विशेष धार्मिक आयोजन भी किये जाएंगे।

More Stories
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत नए सेक्टर भोपाल-चंदेरी-ओरछा हेलीकॉप्टर यात्रा का किया शुभारंभ
यात्री सुरक्षा को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त, जारी किए अहम निर्देश, 60 दिन में हाइवे किनारे के अवैध ढाबे हटाएं’
गोवा की साध्वी सैल ने जीता मिस इंडिया 2026 का खिताब, अब मिस वर्ल्ड में करेंगी मुकाबला