नईदिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज बुधवार को उत्तराखंड में दो महत्वपूर्ण रोपवे परियोजनाओं – केदारनाथ रोपवे परियोजना और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को मंजूरी दे दी। जिससे भक्तों को दर्शन में बहुत ही आसानी हो जाएंगी।
केंद्र सरकार ने बुधवार को चार धाम यात्रा पर बड़ा फैसला लिया। केंद्रीय कैबिनेट ने केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोप-वे के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट के फैसले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रीय रोपवे विकास कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड में सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर तक जबकि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब जी तक 12.4 किलोमीटर तक रोपवे निर्माण की परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दोनों ही परियोजनाओं पर कुल 6,811 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अकेले सोनप्रयाग से केदारनाथ रोपवे परियोजना पर 4,081.28 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के निर्माण की समय सीमा 4 से 6 साल है। आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) के निर्णयों की घोषणा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की।
सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबे रोपवे का निर्माण डीबीएफओटी मोड पर किया जाएगा। रोपवे को सार्वजनिक-निजी भागीदारी में विकसित करने की योजना है। यह रोपवे सबसे उन्नत ट्राई-केबल डिटैचेबल गोंडोला (3एस) तकनीक पर आधारित होगा। इस रोपवे की क्षमता प्रति घंटे हर ओर से 1,800 यात्रियों को ले जाने की होगी। इससे हर दिन लगभग 18 हजार यात्री सफर कर सकेंगे।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब जी तक रोपवे परियोजना को भी डीबीएफओटी मोड पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 2,730.13 करोड़ रुपये होगी। मौजूदा वक्त में हेमकुंड साहिब जी की यात्रा गोविंदघाट से 21 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण चढ़ाई है। इसे पैदल या टट्टू या पालकी द्वारा तय किया जाता है। यह परियोजना गोविंदघाट और हेमकुंड साहिब जी के बीच सभी मौसम में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी।
केंद्र सरकार के फैसले पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत सोनप्रयाग से केदारनाथ और गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए मैं प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। इन परियोजनाओं से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे चारधाम यात्रा सुगम होगी। यात्रा में लगने वाला समय भी कम होगा। इससे तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम