April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार बाबा महाकाल की भस्मारती में हुए शामिल, दर्शन पूजन कर लिया बाबा का आशीर्वाद

उज्जैन: कर्नाटक के डिप्टी सीएम व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार आज रविवार को बाबा महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए। भस्मारती में शामिल होने के बाद डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बाबा महाकाल के गर्भगृह में जाकर बाबा का अभिषेक पूजन अर्चन किया व बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष गुरु और पंडित महेश पुजारी द्वारा कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का गर्भग्रह में पूजन अर्चन अभिषेक करवाया गया। जिसके बाद उन्होंने नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कहीं। इसके पूर्व निर्धारित समय पर भस्मआरती करने पहुंचे कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बाबा महाकाल की भस्मआरती में पूरे समय शामिल होकर इस दिव्य और भव्य भस्म आरती का धर्म लाभ अर्जित किया। भस्मआरती के दौरान उनके साथ विधायक महेश परमार, विधायक जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल भी मौजूद थे।

विदित हो कि कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार दो दिनी मप्र के दौरे पर है। जहाँ शनिवार को वे दतिया पहुँचे और माँ पीताम्बरा के दर्शन किये और शनिवार को ही इंदौर लौटे। डिप्टी सीएम कल रात में ही उज्जैन पहुँच गए थे। और आज सुबह बाबा महाकाल की भस्मारती में शामिल हुए। डिप्टी सीएम कालभैरव मंदिर व मंगलनाथ भी दर्शन करने जाएंगे।

बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद डीके शिवकुमार ने कहा कि मैं चुनाव के पहले भी बाबा का आशीर्वाद लेने आया था। बाबा से देश मे सुख समृद्धि शांति की कामना की हैं।

Share to...