Israel : ग़ज़ा पट्टी में फ़लस्तीनी चरमपंथियों और इसराइली सेना के बीच भारी गोलीबारी और रॉकेट हमलों में काफ़ी तेज़ी आई है। संयुक्त राष्ट्र को आशंका है कि कहीं ये युद्ध में तब्दील न हो जाए। इसराइल का कहना है कि पिछले 38 घंटों में फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने एक हज़ार से ज़्यादा रॉकेट दागे हैं। इनमें से ज़्यादातर तेल अवीव पर छोड़े गए। जबकि मंगलवार को इसराइल ने ग़ज़ा में हवाई हमले किए और इस हमले में ग़ज़ा के 2 टॉवर ब्लॉक ध्वस्त हो गए।
इन हमलों के बीच कई इसराइली शहरों में इसराइली अरबों ने हिंसक प्रदर्शन किए हैं। तेल अवीव के निकट लॉड शहर में इमरजेंसी लगा दी गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि वे हिंसा को लेकर काफ़ी चिंतित हैं। सराइली स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि सोमवार से हुए हमलों में 43 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है, जिनमें 13 बच्चे हैं, जबकि 6 इसराइलियों की भी मौत हुई है।
ये सारी हिंसा पूर्वी यरुशलम स्थित अल अक़्सा मस्जिद में हुई हिंसक झड़प के बाद शुरू हुई है। अल अक़्सा मस्जिद को मुसलमान और यहूदी दोनों पवित्र स्थल मानते हैं। इसराइली सेना का कहना है कि ग़ज़ा से 1050 रॉकेट और मोर्टार से गोले दागे गए हैं। इनमें से 850 इसराइल में गिरे हैं, जबकि क़रीब 200 को इसराइल के डोम एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। शहर से आ रहे वीडियो फ़ुटेज में आसमान में बड़ी संख्या में रॉकेट दिख रहे हैं, इनमें से कुछ को इसराइली इंटरसेप्टर मिसाइलों ने नष्ट कर दिया।
तेल अवीव, ऐशकेलोन, मोडिन और दक्षिणी बीरशेबा शहर में धमाकों की आवाज़ें और एयर सायरन रात भर सुनाई देते रहे, क्योंकि फ़लस्तीनी चरमपंथियों ने इसराइल के मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम को चकमा देने के लिए कई रॉकेट दागे। सैकड़ों इंटरसेप्टर्स और पास में रॉकेट्स गिरने की आवाज़ काफ़ी डरावनी थी। इसराइली सेना के हमले में ग़ज़ा के 2 आवासीय टॉवर्स के गिरने के बाद रॉकेट हमलों में काफ़ी तेज़ी आई है। इसराइल का कहना है कि वो अपने हमलों में रॉकेट लॉन्च साइट्स और उन ऊँची इमारतों, घरों और दफ़्तरों को निशाना बना रहा था, जो हमास इस्तेमाल कर रहा है।
ग़ज़ा पर फ़लस्तीनी चरमपंथी गुट हमास का नियंत्रण है। दूसरी ओर हमास का कहना है कि दुश्मनों ने आवासीय टॉवर्स को निशाना बनाकर हमें उकसाया है। हालाँकि इसराइली हवाई हमले से पहले लोगों को बिल्डिंग ख़ाली करने की चेतावनी दे दी गई थी, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में आम नागरिकों की मौत हुई है।
अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने दोनों पक्षों से तनाव कम करने की अपील की है। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई है कि कहीं स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो जाए। संयुक्त राष्ट्र के मध्य पूर्व शांति राजदूत टॉर वेनेसलैंड ने कहा है कि दोनों पक्ष इसे व्यापक युद्ध की ओर ले जा रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा है कि इसराइल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है, लेकिन फ़लस्तीनी लोगों को अपनी सुरक्षा का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी संगठनों को निशाना बनाया गया है और ये आगे भी जारी रहेगा क्योंकि उन्होंने इसराइल पर हमला करने का फ़ैसला किया है। हम लंबी अवधि के लिए शांति लौटाएँगे। हमास के नेता इस्माइल हनिया ने टेलीविज़न पर दिए अपने संबोधन में कहा है। अगर इसराइल तनाव बढ़ाना चाहता है, तो हम इसके लिए तैयार हैं। अगर वो इसे रोकना चाहता हैए तो हम भी तैयार हैं। इस बीच इसराइली शहर लॉड में इसराइली अरबों ने हिंसक प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके और जवाब में पुलिस ने स्टन ग्रेनड का इस्तेमाल किया।
इसराइली मीडिया का कहना है कि यहूदियों के कई प्रार्थना स्थलों और दूकानों में आग लगा दी गई। एक अरब निवासी की कार पर पत्थर बरसाए गए। इसराइल के कई अन्य शहरों से भी तनाव की रिपोर्टें हैं, जहाँ इसराइली अरब की आबादी है। इसके अलावा पूर्वी यरुशलम और पश्चिम तट में भी तनाव है।

More Stories
पुष्पा 2′ को पछाड़कर दुनिया भर में तीसरी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली भारतीय फ़िल्म बनी ‘धुरंधर 2’, कमाए इतने रुपये
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वयं अपना स्वगणना फॉर्म भरा, डिजिटल सुविधा का लाभ लेने की नागरिकों से की अपील
सिंहस्थ 2028 का आयोजन ग्रीन एंड क्लिन की थीम पर होगा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीन की चाबी नगर निगम को प्रदान की