April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

हेलीकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी व विदेश मंत्री की मौत, देश मे शोक की लहर

तेहरान: ईरान के हेलिकॉप्टर हादसे में बेहद दुखद खबर आई है। इस घटना में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी (63 वर्ष) की मौत हो गई है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक ईरानी अधिकारी के हवाले से कहा कि रेस्क्यू टीमों ने दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर के मलबे का पता लगा लिया है। इस हादसे में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के अलावा ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर मालेक रहमती और धार्मिक नेता मोहम्मद अली आले- हाशेम की भी मौत हो गई है। ये सभी लोग एक ही हेलिकॉप्टर में सवार थे।

ईरान के प्रेस टीवी ने एक्स पोस्ट में लिखा, बचाव दल ने राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर की पहचान कर ली है। किसी भी जीवित व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला है।

बता दें कि राष्ट्रपति के काफिले में तीन हेलिकॉप्टर शामिल थे, जिनमें से दो तो सुरक्षित लौट आए, लेकिन वह हेलिकॉप्टर वापस नहीं लौटा जिसमें इब्राहिम रईसी के साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियन, पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर मालेक रहमती और धार्मिक नेता मोहम्मद अली आले- हाशेम भी सवार थे।

अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया, ‘दुर्घटना में राष्ट्रपति रईसी का हेलिकॉप्टर पूरी तरह से जल गया। दुर्भाग्य से इसमें सवार सभी लोगों के मारे जाने की आशंका है।

बता दें कि पूर्वी अजरबैजान प्रांत के पहाड़ी इलाके में क्रैश हुए हेलिकॉप्टर के मलबे तक पहुंचने के लिए बचाव दल रात भर बर्फीले तूफान के बीच संघर्ष करते रहे। तब सोमवार तड़के रेस्क्यू टीम घटनास्थल तक पहुंच सकी। खराब मौसम की वजह से रेस्क्यू टीम को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 17 घंटे लग गए।

विदित हो कि कई घंटों की मशक्कत के बाद हेलिकॉप्टर का मलबा मिल गया है। दरअसल, अजरबैजान के घने और पहाड़ी इलाके में रविवार को हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। इसी हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री और अन्य अफसर सवार थे। हादसे के बाद से ही बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया था।

ईरानी रेड क्रिसेंट के चीफ ने कहा कि रेस्क्यू टीम दुर्घटनास्थल और हेलिकॉप्टर के मलबे तक पहुंच गई हैं। हमें रेस्क्यू टीमों से वीडियो मिले हैं। उनका कहना है कि हेलीकॉप्टर का पूरा केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त और जल गया है। और उनका कहना है कि फिलहाल साइट पर जीवित बचे लोगों के कोई निशान नहीं हैं। वहीं, ईरानी राज्य समाचार एजेंसी IRINN और सेमी ऑफिशियल न्यूज एजेंसी मेहर न्यूज ने बताया कि ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी को ले जा रहे हेलिकॉप्टर के दुर्घटनास्थल पर कोई भी जीवित नहीं मिला है।

यह हादसा तब हुआ, जब राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत में यात्रा कर रहे थे। तभी हेलिकॉप्टर के हार्ड लैंडिंग की यह घटना ईरान की राजधानी तेहरान से लगभग 600 किलोमीटर (375 मील) उत्तर-पश्चिम में अजरबैजान देश की सीमा से सटे जुल्फा शहर के निकट हुई। सरकारी समाचार एजेंसी ‘आईआरएनए’ की खबर के अनुसार, रईसी के साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन, ईरान के पूर्वी अजरबैजान प्रांत के गवर्नर और अन्य अधिकारी तथा अंगरक्षक भी यात्रा कर रहे थे।

Share to...