भारतीय पत्रकारिता महोत्सव का आयोजन 2, 3 और 4 अक्टूबर को इंदौर में
हिंदी पत्रकारिता के सप्तऋषियों राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, रमेशचंद्र अग्रवाल, अभय छजलानी एवं कृष्णकुमार अष्ठाना पर समर्पित रहेगा आयोजन
स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के तीन दिवसीय प्रतिष्ठापूर्ण महोत्सव में कई आयोजन
इंदौर। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया पर केंद्रित तीन दिवसीय भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2026 का आगाज शुक्रवार को साउथ तुकोगंज स्थित जाल सभागृह में होने जा रहा है। 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन में देशभर के 150 से अधिक मीडियाकर्मी सहभागिता करेंगे। मूर्धन्य संपादक एवं साहित्यकार संपूर्ण आयोजन जेन-जी पर केंद्रित रहेगा। आयोजन का यह अनवरत 18वां संस्करण है।
यह जानकारी देते हुए महोत्सव संयोजक सुदेश तिवारी, स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निदेशक प्रवीण खारीवाल एवं मुख्य महासचिव नवनीत शुक्ला ने बताया कि भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के लिए देश भर से पत्रकारों का इंदौर आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भारतीय पत्रकारिता महोत्सव देश के लब्ध प्रतिष्ठित और मूर्धन्य पत्रकारों और संपादकों पर समर्पित रहेगा। इस बार का महोत्सव हिंदी पत्रकारिता के सप्तऋषियों – सर्वश्री राहुल बारपुते, राजेंद्र माथुर, प्रभाष जोशी, माणिकचंद्र वाजपेयी, रमेशचंद्र अग्रवाल, अभय छजलानी एवं कृष्णकुमार अष्ठाना पर समर्पित रहेगा।
सत्र का आगाज़ ‘सुनो सरकार – जेन जी से संवाद’ से होगा
पत्रकारिता महोत्सव के अंतर्गत समकालीन परिदृश्य पर विचारोत्तेजक सत्र होंगे, जिसे सुनना सभी के लिए प्रेरणादायी और उपयोगी होगा। सत्र की शुरुआत शुक्रवार, 2 अक्टूबर प्रातः 10:30 बजे उद्घाटन सत्र के साथ होगी। महोत्सव के उद्घाटन के तत्पश्चात पहला सत्र “सुनो सरकार” विषय के साथ आरम्भ होगा। इस सत्र में ‘जेन-जी’ देश के ख्यातिप्राप्त मीडियाकर्मियों से संवाद करेंगे। दोपहर 03 बजे प्रिंट मीडिया पर केन्द्रित मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे से महोत्सव का तीसरा सत्र ‘भाड़े की बुद्धि – वश में या कितने विवश है हम’ विषय पर रहेगा। महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार, 3 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे पहला सत्र ‘राजनीति की दाई – बाई करवट’ विषय पर रहेगा। दोपहर 03 बजे ‘नवयुग का डिजिटल मीडिया’ विषय पर केन्द्रित मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी। शाम 5 बजे ‘अश्वमेघ की दौड़ कहां तक’ विषय पर तीसरा सत्र रहेगा। महोत्सव के समापन दिवस रविवार, 4 अक्टूबर को प्रथम सत्र की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे ‘क्लास रूम के बाहर जेन-जी’ विषय पर चर्चा से होगी। दोपहर 3 बजे ‘पत्रकारिता के सिद्धहस्त’ विषय पर मास्टर क्लास के साथ ही शाम 5 बजे महोत्सव के समापन सत्र में ‘भाषाई और क्षेत्रीय पत्रकारिता का महत्त्व’ विषय पर चर्चा की जाएगी।
‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’
श्रीनरेश मेहता की स्मृति में आयोजित इस बार का सप्तऋषि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड वरिष्ठ संपादक देवप्रिय अवस्थी को प्रदान किया जाएगा। स्टेट प्रेस क्लब, मध्यप्रदेश अपने वार्षिक राष्ट्रीय आयोजन ‘भारतीय पत्रकारिता महोत्सव’ में इस वर्ष वरिष्ठ संपादक श्री देवप्रिय अवस्थी को ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित करने जा रहा है। क्लब की कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से पत्रकारिता के प्रेरणास्त्रोत 73 वर्षीय श्री अवस्थी को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना है। ज्ञात हो कि यह ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ ख्यात साहित्यकार और कवि स्व. नरेश मेहता के नाम पर स्थापित किया गया है।
सप्तऋषि राष्ट्रीय पत्रकारिता सम्मान
हार्दिक विकास दवे, एंकर / सीनियर एसोसिएट प्रोडूसर, जी न्यूज, तेजश्री पुरंदरे, स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट, एनडीटीवी, पंकज वानखेड़े, स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट, न्यूज इण्डिया चैनल, शुभम गौतम, आउटपुट एडिटर, एनडीटीवी-एमपीसीजी, प्रीता उपाध्याय, प्राइम टाइम एंकर, जी मीडिया, शिखा शर्मा, सीनियर मेनेजर, मैगनन ग्रुप, वैभव पलनीटकर, सीनियर स्पेशल कॉरेस्पोंडेंट, दैनिक भास्कर ग्रुप, विष्णुकांत तिवारी, संवाददाता, बीबीसी न्यूज़ हिंदी, वाणी मिश्रा, सीनियर एंकर, आईबीसी-24, हिमांशी तिवारी, सीनियर सब एडिटर, इण्डिया टीवी, आर जे अनादी तिवारी एवं रेडियो जॉकी / एंकर, फ्रीलांसर।
सप्तऋषि राज्य पत्रकारिता सम्मान
गिरिश उपाध्याय, वरिष्ठ संपादक, प्रकाश भटनागर, प्रधान संपादक, अनादि टीवी, देशदीप सक्सेना, स्टेट चीफ, द वाइल्ड लाइफ डॉट कॉम, शरद द्विवेदी, समूह संपादक, बंसल न्यूज, सुधीर दीक्षित, स्टेट हेड, न्यूज 18, एमपीसीजी, प्रभु पटैरिया, समूह संपादक, स्वराज एक्सप्रेस एसएमबीसी, शिफाली, स्टेट हेड, ईटीवी भारत डिजिटल नेटवर्क, श्रुति तोमर, स्टेड हेड, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजेश शर्मा, विशेष संवाददाता, दैनिक भास्कर डिजीटल, शशिकांत त्रिवेदी, स्टेट हेड, वरिष्ठ संपादक एवं लेखक, भावना शुक्ला, संपादक, द हितवाद एवं पंकज शुक्ला, वरिष्ठ संपादक, सुबह-सवेरे।
छायाचित्रों एवं कार्टूनों की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी
पत्रकारिता महोत्सव का विशेष आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरस्कृत छायाचित्रों एवं कार्टून की प्रदर्शनी भी रहेगी। प्रदर्शनी में इंदौर के ऐसे 25 छायाकारों के 75 चित्रों को प्रदर्शित किया जाएगा जो अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पुरस्कृत हुए हैं। साथ ही कॉफ़ी-टेबल बुक का प्रकाशन भी किया जाएगा। इसके अलावा देश के 10 कार्टूनिस्टों के जेन-जी पर आधारित कार्टूनों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। भारतीय पत्रकारिता महोत्सव विद्यार्थियों- शोधार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों के लिए खुला है।
फेडरेशन ऑफ़ प्रेस क्लब्स की बैठक
भारतीय पत्रकारिता महोत्सव के अंतिम दिन इंदौर में देशभर के प्रमुख प्रेस क्लबों की संस्था फेडरेशन ऑफ़ प्रेस क्लब्स की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गयी है। बैठक में हिस्सा लेने के लिए देश भर के अनेक प्रतिष्ठित प्रेस क्लब के अध्यक्ष – महासचिव इंदौर आ रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार श्री गौतम लाहिड़ी करेंगे।

More Stories
Additional SP Suryakant Sharma Update: पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच, हादसे के वक्त वैन में सवार थे 15 बच्चे
Dubai to Tel Aviv Flight Hijack Attempt: घायल होने के बावजूद बचाई 180 से ज्यादा यात्रियों की जान, पीएम मोदी ने भी की सराहना
Ujjain Shahi Masjid News: मीनार हटाने के दौरान हुआ हादसा, जमीअत उलेमा मध्य प्रदेश ने की जांच और पुनर्निर्माण की मांग