उज्जैन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार सुबह विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची, जहां कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद लिया।
सुबह होने वाली नियमित भस्म आरती के दौरान पूरी टीम भक्तिभाव में डूबी नजर आई।
करीब दो घंटे तक चली भस्म आरती के दौरान महिला खिलाड़ी पूरी तरह भक्ति में लीन दिखाई दीं। आरती के बाद टीम ने नंदी हॉल में विशेष पूजन-अभिषेक किया। इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर और कोचिंग स्टाफ ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही। माना जाता है कि नंदी के कान में कही गई इच्छा सीधे भगवान शिव तक पहुंचती है।
टीम के साथ कोच अमोल मुजुमदार, प्रवीण शर्मा सहित कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर देश और टीम की सफलता की कामना की।
भस्म आरती के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भारतीय महिला क्रिकेट टीम का स्वागत और सम्मान किया गया। मंदिर परिसर में खिलाड़ियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं में भी खास उत्साह नजर आया। विश्व कप जीताने का सपना लेकर बाबा महाकाल के दरबार पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह आध्यात्मिक यात्रा अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
आगामी इंग्लैंड दौरे और आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम उज्जैन पहुंची है। खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर देश के लिए बेहतर प्रदर्शन और सफलता की कामना की।
महाकाल मंदिर में भारतीय महिला क्रिकेट टीम का यह तीसरा आगमन है। इससे पहले टीम अक्टूबर 2025 में भस्म आरती में शामिल हुई थी, जबकि दूसरी बार 1 जनवरी 2026 को नए साल की शुरुआत बाबा महाकाल के दर्शन के साथ की थी।
भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ पूरे समय श्रद्धा और भक्ति में लीन नजर आए।

More Stories
अंतरराष्ट्रीय शोध संगोष्ठी एवं कृष्ण बसन्ती अंतरराष्ट्रीय अवार्ड समारोह सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में 18 मई को
एमपी की बेटी माही लामा का विश्व कप के लिए चयन, चीन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI को एक और बड़ी कामयाबी, पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर गिरफ्तार