April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

UNHRC के लिए 7वीं बार चुना गया भारत, तीन वर्ष का कार्यकाल अगले वर्ष एक जनवरी 2026 से शुरू होगा

नईदिल्ली: भारत को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के लिए सातवीं बार चुना गया है। उसका कार्यकाल 2026 से 2028 तक होगा।

यूएनएचआरसी ने मंगलवार को हुए चुनाव के परिणामों की घोषणा करते हुए एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में बताया कि भारत का तीन वर्ष का कार्यकाल एक जनवरी, 2026 से शुरू होगा।

यूएन में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में भारी समर्थन के लिए सभी प्रतिनिधिमंडलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘भारत को आज मानवाधिकार परिषद के 2026-28 कार्यकाल के लिए सातवीं बार चुना गया है। यह मानवाधिकारों और मौलिक स्वतंत्रताओं के प्रति भारत की अडिग प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम अपने कार्यकाल के दौरान इस उद्देश्य की सेवा करने की आशा करते हैं।

यूएनएचआरसी में 47 सदस्य देश होते हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र महासभा में समान भौगोलिक वितरण नियमों के तहत तीन साल के कार्यकाल के लिए चुना जाता है। भारत इससे पहले छह बार 2006-2007, 2008-2010, 2012-2014, 2015-2017, 2019-2021 और 2022-2024 में यूएनएचआरसी का सदस्य रह चुका है।

जेनेवा आधारित यूएनएचआरसी की स्थापना 2006 में हुई थी। 2026-2028 कार्यकाल के लिए जिन अन्य देशों को चुना गया है, उनमें अंगोला, चिली, इक्वाडोर, मिस्त्र, एस्टोनिया, इराक, इटली, मारीशस, पाकिस्तान, स्लोवेनिया, दक्षिण अफ्रीका, ब्रिटेन और वियतनाम भी शामिल हैं।

Share to...