April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देशभर में उत्साह से मनाया जा रहा स्वतंत्रता दिवस, पीएम मोदी ने लालकिले पर फहराया तिरंगा, देश को संबोधित कर रहे मोदी

नईदिल्ली: देशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह, जोश और खुशी की लहर हैं। आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस बार स्वतंत्रता दिवस की थीम नया भारत है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के आतंकी गुटों के खिलाफ भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया था। आज ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन भी पूरे हो रहे हैं. ऐसे में आजादी के जश्न के साथ-साथ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का भी जश्न मनाया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजघाट पहुंचे हैं, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को नमन किया। पश्चात पीएम मोदी लाल किला पहुँचे। लाल किला पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने परेड का निरीक्षण किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज का दिन हमारे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है जब हम अपने वीर स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी और उनके द्वारा प्रदत्त आज़ादी का जश्न मनाते हैं। हमें न केवल अपने इतिहास को याद रखना चाहिए, बल्कि यह सोचने का भी समय है कि हम अपने देश को कैसे एक विकसित और सशक्त राष्ट्र बना सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराने के बाद देश को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश के 140 करोड़ देशवासी तिरंगे के रंग में रंगे हुए हैं। भारत के हर कोने से चाहे रेगिस्तान हो या हिमालय की चोटियां, समुंदर के तट हो या घनी आबादी वाले क्षेत्र हर तरफ से एक ही गूंज है, एक ही जयकारा है- हमारी प्राण से भी प्यारी मातृभूमि का जयगान है।

देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आजादी का पर्व संकल्पों का पर्व है। एकता की भावना को देश मजबूती दे रहा है। संविधान प्रकाश स्तंभ बन देश को प्रकाश दे रहा है। ये सामूहिक सिद्धियों का पर्व है। लाल किले पर आज कई विशेष महानुभाव उपस्थित हैं। हमने धारा 370 की दीवार गिराकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।

15 अगस्त का विशेष महत्व भी देख रहा हूं। आज मुझे लाल किले की प्राचीर से ऑपरेशन सिंदूर के वीर जांबाजों को सैल्यूट करने का अवसर मिला। हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी और पहलगाम में सीमापार से आतंकियों ने आकर जिस तरह कत्लेआम किया। धर्म पूछ-पूछकर लोगों को मारा गया। पत्नी के सामने पति को गोलियां, बच्चों के सामने पिता को मौत के घाट उतार दिया गया। पूरा हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ है। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है। पाकिस्तान में हुई तबाही इतनी बड़ी है, रोज नए खुलासे हो रहे हैं। हमारा देश कई दशकों से आतंक को झेलता आया है। देश के सीने को झलनी कर दिया गया है। हमने आतंक को और आतंकी को पालने-पोसने वालों को ताकत देने वालों को अब हम अलग-अलग नहीं मानेंगे। वो मानवता के समान दुश्मन हैं। उनमें कोई फर्क नहीं है। भारत ने तय कर लिया है कि न्यूक्लियर की धमकियों को अब हम सहने वाले नहीं है। न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे अर्से से हो रही है। लेकिन हम इसे नहीं सहेंगे। हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है।

लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने तय किया है खून और पानी साथ-साथ नहीं बहेंगे। भारतीय नदियों का पानी दुश्मनों को सींच रहा है। हिंदुस्तान को उसके हक का पानी मिलेगा। इस पर हिंदुस्तान के किसानों का हक है। सिंधु समझौता एक तरफा और अन्यायपूर्ण था। राष्ट्रहित में ये समझौता मंजूर नहीं है।

पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि गुलामी ने हमें गरीब बना दिया था। आत्मनिर्भरता बहुत जरूरी है इसलिए हमारे सामर्थ्य को बचाए रखने बनाए रखने और बढ़ाए रखने के लिए आत्मनिर्भर होना बहुत जरूरी है। हमने ऑपरेशन सिंदूर में देखा कि मेड इन इंडिया ने कमाल कर दिया। दुश्मन को भी पता नहीं चला कि कौन-कौन से हथियार थे। अगर हम आत्मनिर्भर ना होते, क्या ऑपरेशन सिंदूर इतनी तीव्र गति से कर पाते। पता नहीं कौन साजो-सामनान मिलेगा, इसकी चिंता बनी रहती। लेकिन हमें मेड इन इंडिया की शक्ति सेना के हाथ में दी इसलिए बिना चिंता, बिना रुकावट, बिना हिचकिचाहट, हमारी सेना अपना पराक्रम करती रही। ये पिछले 10 साल से लगातार डिफेंस के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का मिशन लेकर चले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर बनाने का कारखाना लगाने की योजना 50-60 साल पहले आई लेकिन फाइलें अटक गई, लटक गई और भटक गई। 50 साल पहले सेमीकंडक्टर की फाइल दब गई थी। लेकिन अब मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर बाजार में आएगा। छह यूनिट बन गई हैं और चार और सेमीकंडक्टर प्लान को हरी झंडी दी गई है। लेकिन इस साल के अंत तक भारत की बनी हुई, भारत में बनी हुई भारत के लोगों द्वारा बनी हुई सेमीकंडक्टर चिप्स बाजार में आ जाएंगी। ऊर्जा के क्षेत्र में हम सब जानते हैं कि एनर्जी के लिए बहुत सारे देशों पर निर्भर हैं। पेट्रोल, डीजल, गैस के लिए हमें लाखों करोड़ों रुपयों खर्च करने पड़ते हैं। हमें इस संकट से देश को आत्मनिर्भर बनाना है। आज 11 वर्ष में सोलर एनर्जी 30 गुना बढ़ चुकी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि हम परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में विकास कर रहे हैं। 10 नए न्यूक्लियर रिएक्टर बनाने का काम जारी है। परमाणु ऊर्जा की क्षमता को 10 गुना तक बढ़ाएंगे। इस सेक्टर में निजी क्षेत्र के लिए रास्ते खुल गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि तकनीक के चलते कुछ देश शिखर तक पहुंचे हैं। हम समुद्र मंथन की ओर जा रहे हैं। नेशनल डीप वाट मिशन जल्द शुरू होगा। समंदर में गैस और तेल के भंडार छिपे हुए हैं। हम ऑपरेशन गगनयान की तैयारी कर रहे हैं। स्पेस सेक्टर में तेजी से काम हो रहा है। हम स्पेस में अपना स्पेस सेंटर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं लाल किले के प्राचीर से देश के युवाओं, इंजीनियरों और पेशेवरों का आह्वान करता हूं कि क्या हमारा अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन नहीं हो सकता। होना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देशवासियो को स्वदेशी अपनाने का आग्रह किया। मोदी ने लोकल फ़ॉर वोकल को समर्थन देने की बात करते हुए स्वदेशी वस्तुओ को अपनाने की अपील की।

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सम्बोधन जारी हैं। इस दौरान लाल किला परिसर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के साथ ही आमंत्रित लोग ओर शासकीय अधिकारी कर्मचारी सहित स्कूली बच्चे और गणमान्य नागरिक मौजूद हैं।

Share to...