नईदिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ के 111वें एपिसोड में लोगों से अपनी मां के नाम एक पेड़ अवश्य लगाने की अपील की। पीएम मोदी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया था और लोगों से यह आग्रह करता हूं कि वे जोर शोर से इस अभियान का हिस्सा बनें।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, दुनिया का सबसे अनमोल रिश्ता मां का होता है। हम सबके जीवन में मां का दर्जा सबसे ऊंचा होता है। मां हर दुख सहकर अपने बच्चे का पालन पोषण करती है। हर मां अपने बच्चे पर हर स्नेह लुटाती है। जन्मदात्री मां का ये प्यार हम सब पर एक कर्ज की तरह होता है जिसे कोई चुका नहीं सकता।
पीएम मोदी ने आगे कहा, इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस पर एक खास अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का नाम है- एक पेड़ मां के नाम। मैंने भी एक पेड़ अपनी मां के नाम लगाया है। मैंने सभी देशवासियों से दुनिया के सभी देशों के लोगों से यह अपील की है कि अपनी मां के साथ मिलकर या उनके नाम पर एक पेड़ जरूर लगाएं। मुझे यह देखकर बहुत खुशी है कि मां की स्मृति में या उनके सम्मान में पेड़ लगाने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘लोग अपनी मां के साथ या फिर उनकी फोटो के साथ पेड़ लगाने की तस्वीरों को सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। हर कोई अपनी मां के लिए पेड़ लगा रहा है। इस अभियान ने सबको मां के प्रति अपना स्नेह जताने का समान अवसर दिया है। वो अपनी तस्वीरों के साथ #एकपेड़मांकेनाम इसके साथ शेयर करके दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं।’
उन्होंने कहा, धरती भी मां के समान हमारा ख्याल रखती है। धरती मां ही हम सबके जीवन का आधार है इसलिए हमारा भी कर्तव्य है कि हम धरती मां का भी ख्याल रखें। मां के नाम पेड़ लगाने से अपनी मां का सम्मान तो होगा ही साथ ही धरती मां की भी रक्षा होगी।

More Stories
Odisha Police Attacked Sidhi: एके-47 से लैस पुलिस टीम को बदमाशों ने घेरा, तीन राउंड फायरिंग कर कैदी को फरार कराया
Damoh Pipariya Luhar Road: 13 साल से सड़क का इंतजार कर रहे ग्रामीण, बारिश के मौसम में दलदल बने रास्ते से आने-जाने को मजबूर
Madhya Pradesh Political Row: ‘चैन सिंह के कहने से मरूंगा क्या?’ – सांसद कुलस्ते के इस बयान से मंडला की राजनीति में मचा भूचाल