नईदिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के कारण अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए ‘चक्रवात का अलर्ट’ जारी किया है, जिसके 21 अक्टूबर से जोर पकड़ने का अनुमान है।
अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि इस मौसम प्रणाली की वजह से क्षेत्र में 23 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है, जिसके मद्देनजर स्थानीय बंदरगाहों के लिए चेतावनी जारी की गई है।
एक अधिकारी ने कहा, “निकोबार द्वीप समूह में कुछेक स्थान पर भारी बारिश (7-11 सेंटीमीटर) होने की आशंका है। 21, 22 और 23 अक्टूबर को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुछ जगहों पर तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) चलने और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।”
उन्होंने बताया, ’22 से 23 अक्टूबर तक अंडमान सागर में 35-45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है, जो बढ़कर 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। आने वाले पांच दिन में समुद्री स्थिति खराब रहने का अनुमान है। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे 24 अक्टूबर तक अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार तट के आसपास समुद्र में न जाएं।’
इस बीच, आईएमडी ने कहा कि तमिलनाडु में दीपावली के दिन 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने रविवार को एक बुलेटिन में चेतावनी दी कि 21 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।
विभाग ने कहा कि इरोड, नीलगिरि, कोयंबटूर, तिरुपुर, डिंडीगुल, थेनी, मदुरै, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, शिवगंगा, पुदुकोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, कराईकल, मइलादुथुराई, विल्लुपुरम, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, कुड्डालोर और नागपट्टिनम के कुछ हिस्सों में 64.5 मिलीमीटर से लेकर 111.5 मिलीमीटर तक बारिश होने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग अधिकारी ने बताया कि 22 से 23 अक्टूबर तक अंडमान सागर में समुद्री हवाओं की रफ्तार 35-45 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो कभी-कभी 55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आने वाले पांच दिनों में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है, साथ ही मछुआरों को 24 अक्टूबर तक अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार तट के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
तुफान की संभावना को देखकर द्वीप पर रहने वाले नागरिकों और पर्यटकों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लहरों के तेज होने की संभावना को देखते हुए नाव मालिकों से अपनी नावों को अत्यधिक सतर्कता से चलाने और मनोरंजन गतिविधियों को पूरी सावधानी से करने की सलाह दी है। पर्यटकों और आम जनता से समुद्र में न उतरने का अनुरोध किया गया है और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सभी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

More Stories
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त