November 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Health System Shivpuri Updates: राज्य व प्रशासन अपडेट: अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, एंबुलेंस संचालन पर उठे सवाल

शिवपुरी: गोपालपुर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब 5 घंटे तक अलग-अलग नंबरों से एंबुलेंस को लगातार कॉल किया गया, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध न होने की बात कहकर मदद नहीं भेजी गई। आखिर में घर पर ही प्रसव हुआ, जिसमें नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रसूता की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

⚠️ शिवपुरी में लापरवाही का बोलबाला

मध्य प्रदेश में एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन ऐसी लापरवाही पर अंकुश लगाने में नाकामयाब है। मामले की गंभीरता को देखते हुए CMHO डॉक्टर संजय ऋषीश्वर ने जांच के आदेश दिए हैं। हालांकि, सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एंबुलेंस व्यवस्था राजधानी भोपाल से संचालित होती है।

⏱️ 5 घंटे की कोशिश के बाद टूटी सांसे

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डैडरी निवासी राजवीर आदिवासी की 20 वर्षीय पत्नी ज्योति आदिवासी का मायका नरवर क्षेत्र के छितरी गांव में है। मृतका के जेठ महेंद्र आदिवासी ने बताया, “शुक्रवार तड़के करीब 4-5 बजे ज्योति को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसकी हालत बिगड़ने लगी। स्थिति को देखते हुए परिवार के सदस्यों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाने के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कई बार संपर्क किया। लेकिन हर बार एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।”

🏥 चिकित्सीय सहायता का भारी अभाव

उन्होंने आगे बताया, “करीब 5 घंटे तक लगातार प्रयास करने के बावजूद जब कोई एंबुलेंस गांव नहीं पहुंची, तो घर पर ही ज्योति का प्रसव हो गया। उसने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन समुचित चिकित्सीय सहायता और इलाज के अभाव में नवजात की मौके पर ही मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद ज्योति की तबीयत और अधिक बिगड़ने लगी।”

🚑 ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

ज्योति की हालत बिगड़ता देख परिजनों ने आनन-फानन में किराए की टैक्सी का इंतजाम किया और सुबह करीब 11 बजे उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में ही प्रसूता की भी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

🔍 CMHO ने दिए कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच के आदेश

CMHO डॉ. संजय ऋषीश्वर ने कहा, “मामला संज्ञान में आया है, कॉल डिटेल्स के आधार पर इस पूरे मामले की जांच की जाएगी और संबंधित अधिकारियों और कर्मचारी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। लेकिन एंबुलेंस सेवा का संचालन डायरेक्ट राजधानी भोपाल से संचालित होती है।”

Share to...