हीना तिवारी, भोपाल: मप्र के नए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज राजधानी के परेड ग्राउंड मैदान में पीएम मोदी सहित शीर्ष नेतृत्व के सानिध्य में पद व गोपनीयता की शपथ ली। एमपी के राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल ने उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल ने सीएम डॉ मोहन यादव के अलावा जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम पद की शपथ दिलाई।
भोपाल के परेड ग्राउंड मैदान में आयोजित भव्य शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नेड्डा मौजूद रहे। इसके अलावा यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत तमाम बीजेपी नेता मौजूद रहे।
शपथ समारोह 10 मिनट चला। जिसमे प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने सीएम व डिप्टी सीएम को पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई। शपथ के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम व डिप्टी सीएम के साथ फोटो करवाया।
विदित हो कि बीजेपी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में 163 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस 66 सीट पर सिमट गई। बीजेपी ने इस चुनाव में सीएम चेहरे का ऐलान नहीं किया था। बीजेपी की विधायक दल की बैठक में सोमवार को मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुना गया। खुद शिवराज सिंह चौहान ने विधायक दल के नेता के तौर पर मोहन यादव के नाम पर प्रस्ताव रखा था। इसके बाद शिवराज सिंह ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था वहीं, मोहन यादव ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
विदित हो कि मोहन यादव पहली बार 2013 में उज्जैन दक्षिण सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद वे 2018 और 2023 में भी जीतने में सफल रहे। वे शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री भी रहे। मोहन यादव को संघ का करीबी माना जाता है और ओबीसी समाज से आते हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा दलित चेहरा हैं, वे मंदसौर की मल्हारगढ़ सीट से विधायक हैं। देवड़ा शिवराज सरकार में भी मंत्री थे जबकि राजेंद्र शुक्ला ब्राह्मण चेहरा हैं और रीवा सीट से विधायक हैं। राजेंद्र शुक्ला ने अपना पहला चुनाव 2003 में लड़ा था। वे शिवराज सरकार में भी मंत्री रहे हैं।
शपथ समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें। डॉ मोहन यादव मप्र के 20वें सीएम बने हैं। उनके सीएम पद की शपथ लेते ही गृह शहर उज्जैन में जमकर आतिशबाजी हुई व कार्यकर्ताओ ने जमकर जश्न मनाया। उज्जैन में खुशी की लहर दौड़ गई हैं।

More Stories
प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता अनुपम खेर व अभिनेत्री शुभांगी दत्त बाबा महाकाल की भोग आरती में हुए शामिल
अभिनेता अमित भल्ला भस्मारती में हुए शामिल, किए बाबा महाकाल के दर्शन
अब तक 2938 स्थानों पर हुई जाँच, 4547 गैस सिलेण्डर किये गये जब्त