नईदिल्ली: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें तीसरी बार भिड़ने वाली है। दरअसल, इन दोनों की टक्कर टूर्नामेंट के अब एशिया कप 2025 के फाइनल में होगी। एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार होगा जब फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होगा।
भारत ने सुपर-4 मैच में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पाकिस्तान ने भी बांग्लादेश को सुपर-4 मैच में 11 रन से मात देकर फाइनल का टिकट पक्का किया। भारत और पाकिस्तान के बीच यह खिताबी मुकाबला 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके साथ ही 41 साल का एशिया कप इतिहास भी पलटने वाला है।
दरअसल, एशिया कप के 41 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की जंग होनी है। एशिया कप में इससे पहले कभी भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का फाइनल नहीं खेला गया है। 1984 में पहली बार खेले गए इस टूर्नामेंट से लेकर अब तक भारत और पाकिस्तान कई मौकों पर आमने-सामने आए, लेकिन खिताबी जंग कभी नहीं हुई। आगामी 28 सितंबर को दुनियाभर के फैंस यह जबरदस्त फाइनल महामुकाबला देखेंगे।
दोनों के बीच यह एशिया कप 2025 की तीसरी टक्कर भी होगी। इससे पहले भारत और पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज और सुपर-4 स्टेज में मुकाबला किया। हालांकि, दोनों ही बार भारत के शेर पाकिस्तान पर भारी पड़े। ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाई, जबकि सुपर-4 स्टेज में टीम इंडिया ने 6 विकेट से पाकिस्तान को पटखनी दी। इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा का बल्ला बोला, जिन्होंने एक मैच विनिंग तेज तर्रार अर्धशतकीय पारी खेली।
भारतीय टीम इस सीजन में अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने अब तक खेले अपने सभी 5 मैच जीते हैं। ऐसे में पाकिस्तान के सामने फाइनल में बड़ी चुनौती होगी, खासकर तब जब भारत ने उसे टूर्नामेंट में दो बार शिकस्त दे दी है। पाकिस्तान के अलावा भारत ने यूएई, ओमान, बांग्लादेश को हराया है। भारत का एक सुपर-4 मैच बचा है, जोकि श्रीलंका के खिलाफ है। फाइनल में टीम इंडिया इस मैच को जीतकर विनिंग सिक्सर के साथ उतरना चाहेगी।
बता दें कि भारत सबसे ज्यादा एशिया कप जीतने वाली टीम है। अब तक हुए 16 सीजन में भारत ने 8 बार ट्रॉफी उठाई है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव एंड कंपनी की नजरें अब 9वीं बार एशिया कप चैंपियन बनने पर होंगी। भारत ने 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016, 2018 और 2023 में खिताब जीता। भारत 2016 में टी20 फॉर्मेट एशिया कप का चैंपियन बना। 28 सितंबर को भारत ने पाकिस्तान को हराया तो वह दो टी20 फॉर्मेट एशिया कप जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान दो बार एशिया कप जीता है। पाकिस्तान टीम 2000 और 2012 में एशिया कप की चैंपियन बनी।

More Stories
गोवा की साध्वी सैल ने जीता मिस इंडिया 2026 का खिताब, अब मिस वर्ल्ड में करेंगी मुकाबला
साधना सप्ताह में मप्र को अधिकतम पाठयक्रम पूरा करने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध