April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

आगामी त्योहारों को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्यवाही जारी, विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए कुल 43 नमूने, 67 हजार रूपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त

इंदौर: इंदौर जिले में त्यौहारों के दौरान खाद्य सामग्रियों की गुणवत्तापूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये खाद्य सामग्री एवं मिठाई बनाने वाले प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी. के निर्देशानुसार प्रारंभ हुआ है।

अपर कलेक्टर गौरव बैनल ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन इंदौर के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दो टीमों का गठन किया है। यह टीमें इंदौर जिले में संचालित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण करेंगी। इन टीमों द्वारा सघन जांच अभियान चलाकर खाद्य सामग्रियों के 43 नमूने लिये एवं लगभग 67 हजार रूपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई।

संयुक्त दल द्वारा शहर में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। एक टीम गत दिवस राज नगर स्थित सोनपापड़ी निर्माण इकाई ओमप्रकाश सोनपापड़ी पर पहुंची। जहां मौके पर खाद्य पदार्थ सोनपापड़ी का निर्माण किया जाना पाया गया। मौके पर गंदगी के बीच में सोनपापड़ी का निर्माण किया जा रहा था। संग्रहीत सोनपापड़ी एवं सोनपापड़ी निर्माण में प्रयुक्त होने वाले खाद्य पदार्थ मैदा, बेसन एवं पाम तेल के कुल चार नमूने लिए गए। खाद्य पदार्थ सोनपापड़ी को रिपोर्ट प्राप्ति तक जप्त किया गया। जिसकी कुल कीमत 22 हजार रूपये है।

एक अन्य कार्यवाही में राजनगर स्थित श्री रंजीत नमकीन का निरीक्षण किया गया। जहां पर विभिन्न प्रकार के नमकीन निर्माण किये जा रहे थे। मौके से नमकीन के कुल चार नमूने लिए गए तथा 5 हजार रूपये का नमकीन जप्त किया गया। टीम द्वारा धार रोड स्थित अजंता स्वीट एंड नमकीन से मिठाई के सात नमूने एवं नमकीन के पांच नमूने लिए गए। धार रोड स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान राजस्थान स्वीट एंड नमकीन से मिठाई का एक एवं नमकीन का एक नमूना लिया गया।

दूसरी टीम द्वारा सियागंज स्थित वासुदेव मूलचंद से घी के तीन नमूने एवं कूकिंग मीडियम का एक नमूना, कमलेश ट्रेडर्स से घी के दो नमूने लिए गए। इसके बाद टीम द्वारा द्वारकापूरी क्षेत्र मे लड्डू, डुग्गु नमकीन से फीकी सेव, लौंग सेव, मेथी सेव के कुल तीन नमूने, रतन चाट हाउस से मिठाई के तीन, नमकीन के दो नमूने लिए गए। एक अन्य कार्यवाही में नारायणी टी कंपनी से टोस्ट, अचार, जीरावण, मूंगदाल, चाय, साबूदाना और डेट्स के कुल सात नमूने लिए गए। टीम द्वारा खाद्य पदार्थ घी की जप्ती भी की गई है, जिसकी कुल कीमत 40 हजार 180 रूपये है। लिए गए सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा गया है। जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आगामी वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

दलों द्वारा निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों में सुधार हेतु प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया गया। परिसर की साफ सफाई बनाए रखने, नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल करवाने, फूड हैंडलर की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Share to...