April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

चुनाव आयोग ने बैतूल लोकसभा सीट के चार बूथों पर 10 मई को पुनर्मतदान के दिये आदेश, यह हैं कारण

बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल लोकसभा सीट के चार बूथों पर फिर से मतदान होगा। बस में आग लगने से ईवीएम क्षतिग्रस्त होने के बाद चुनाव आयोग ने 10 मई को बैतूल में 4 बूथों पर पुनर्मतदान के आदेश दिए हैं।

यहां पर मंगलवार को ही मतदान हुए थे। जिला प्रशासन द्वारा आग की घटना पर रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद चुनाव आयोग ने बुधवार को निर्वाचन क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों पर फिर से चुनाव कराने का आदेश दिया। एक अधिकारी ने बताया कि संसदीय सीट के मुलताई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित इन बूथों पर 10 मई (शुक्रवार) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान होगा।

बैतूल संसदीय क्षेत्र के मुलताई विधानसभा के अंतर्गत 4 मतदान केन्द्रों राजापुर-275, डूडर रैय्यत-276, कुंदा रैय्यत-279 एवं चिखलीमाल-280 पर 10 मई को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक पुर्न-मतदान किया जाएगा।

दरअसल, बैतूल जिले में चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को लेकर जा रही एक बस में आग लग गई, जिससे कई ईवीएम क्षतिग्रस्त हो गईं। बैतूल के जिलाधिकारी नरेंद्र सूर्यवंशी ने फोन पर बताया कि इस घटना में किसी भी कर्मचारी और बस चालक के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे जिले के गोला गांव के पास हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि बस में चिंगारी की वजह से आग लगी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण चार मतदान केंद्रों की ईवीएम क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी।

सूर्यवंशी ने बताया कि घटना के समय बस में चुनावी ड्यूटी में लगे छह दल और इतनी ही ईवीएम थीं। उन्होंने बताया कि चार ईवीएम क्षतिग्रस्त हो गई हैं और दो सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त हुई चार ईवीएम में से एक कंट्रोल यूनिट या एक मतपत्र यूनिट नष्ट हो गई है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बैतूल लोकसभा सीट पर कुल 72.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Share to...