April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

उज्जैन में भारी बारिश से क्षिप्रा नदी उफान पर, रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट पर सभी मन्दिर जलमग्न, कई क्षेत्रों में जलभराव

उज्जैन( डॉ हीना तिवारी): मप्र में बारिश का कहर जारी है। लगातार प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी हैं। भारी बारिश से अब जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा हैं। उज्जैन में बीती रात से भारी बारिश जारी हैं।

भारी बारिश के चलते शिप्रा नदी उफान पर आ गई है। गुरुवार सुबह नदी का जलस्तर इतना बढ़ गया कि रामघाट और दत्त अखाड़ा घाट पर स्थित सभी मंदिर जलमग्न हो गए हैं। मंदिरों के शिखर तक पानी पहुंच गया है और घाट के पास बना छोटा ब्रिज भी पूरी तरह डूब गया है।
क्षिप्रा नदी तेज बहाव में बह रही है।

बुधवार शाम से उज्जैन सहित आसपास के देवास और इंदौर में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। उज्जैन में बीती रात 3.36 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे अब तक कुल बारिश 25 इंच पहुंच गई है। बारिश और नदी के उफान से शहर के निचले इलाको चिंतामण, बेगमबाग, दौलतगंज, कर्नाटक क्षेत्र आदि में जलभराव हो गया है। स्थानीय लोगों को घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नगर निगम और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं।

बारिश के कारण शहर के बहादुरगंज, एटलस चौराहा, केडी गेट, नीलगंगा, देवास गेट, दशहरा मैदान सहित कई अन्य क्षेत्र में जल भराव हो गया है। कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण आमजन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Share to...