April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देशभर में घने कोहरे, बर्फबारी और शीतलहर का प्रकोप जारी, विभिन्न राज्यों के लिए IMD ने जारी किया यह अलर्ट

नईदिल्ली: देश में घने कोहरे, बर्फबारी और शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी से 15 जनवरी तक के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है। आज 10 जनवरी की रात को एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 10 से ज्यादा राज्यों में बारिश होने के आसार हैं।

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी होगी, जिससे कुछ मैदानी राज्यों में घना कोहरा छाएगा और शीतलहर भी चल सकती है। दिल्ली में कई दिन शीतलहर चलने के बाद आज शुक्रवार को घना कोहरा छाया। पंजाब का मोगा जिला न्यूनतम तापमान 2.3 के साथ सबसे ठंडा रहा। हरियाणा के सोनीपत में न्यूनतम तापमान 3.1 के साथ सबसे ज्यादा ठंड रही। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.1 रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम ईरान पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है। इसके असर से देश के पश्चिमी राज्यों में हल्की से मध्यम और छिटपुट बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 11 और 12 जनवरी को हिमालयी क्षेत्र, उत्तर पश्चिम भारत और उससे सटे मध्य भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। 11 जनवरी को ही दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और राजस्थान में गरज चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की, मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अलर्ट रहेगा। कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है।

दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती भूमध्यरेखीय क्षेत्र पर और हिंद महासागर में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है। इसके असर से 11 और 12 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है। 13 जनवरी को केरल में और माहे में 12 और 13 जनवरी को भारी बारिश होगी। 13 जनवरी को पूर्वोत्तर राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुल मिलाकर दक्षिण प्रायद्वीप भारत के ज्यादातार हिस्सों में, निकटवर्ती मध्य भारत और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में शीत लहर चलने की संभावना है। 11-12 जनवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में रात को और सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। 12 जनवरी तक बिहार के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय कोहरा रहेगा। झारखंड, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में 15 जनवरी तक अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा रहेगा।

Share to...