September 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

देशभर में ठंड का सितम जारी, जानें किस राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल

नईदिल्ली: देश भर में ठंड का सितम जारी हैं। बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है और मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट मुख्य रूप से दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए है, जहां बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी ने हालात को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। अगले सप्ताह तक मौसम ठंडा और शुष्क रहेगा। आज से उत्तर भारत में शीतलहर शुरू होने की संभावना है। 29-30 दिसंबर के दौरान देर रात और सुबह के समय पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

इस समय राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है, खासकर सुबह और शाम के समय। कोहरे की चादर ने इन राज्यों में ठंड को और बढ़ा दिया है, जिससे ठंड का अहसास और भी तेज हो गया है। राजस्थान के माउंट आबू में तापमान में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। बनारस कोहरे की सफेद चादर में लिपटा हुआ है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में मौसम और खराब हो सकता है और ठंडी हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में दिल्ली और एनसीआर समेत अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को और अधिक ठंड का सामना करना पड़ेगा।

मौसम विभाग ने देशभर में तापमान और भी गिरने का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर सकता है। वहीं, 1 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे में मध्य भारत यानी कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ वाले क्षेत्र में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में अगले 5 दिनों में दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज हो सकती है।

शीतलहर और कोल्ड डे वार्निंग
बारिश के बाद उत्तर भारत का मौसम लगातार बदल रहा है, हालांकि आसमान तो साफ रह रहा है लेकिन मौसम का पारा लगातार गिरते जा रहा है। तेज हवा ने मौसम को बदल दिया है। मैदानी भागों में शिमला मनाली जैसी ठंड लगने लगी है। इसे देखते हुए मौसम विभाग में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे से लेकर 72 घंटे तक दिल्ली पंजाब और हरियाणा में शीतलहर चलने की संभावना है। आज यानी 30 दिसंबर से लेकर 2 जनवरी तक पूरे राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना है साथ ही मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में कोल्ड डे अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कोल्ड डे होने की संभावना है।

Share to...