ओडिशा: सीबीआई ने ओडिशा के बालासोर में हुए दर्दनाक ट्रिपल ट्रेन हादसे की जांच शुरू कर दी है। CBI की 10 सदस्यों की टीम ने सोमवार को बालासोर में पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। बालासोर रेल हादसे में 288 लोगों की मौत हुई है। जबकि 1100 लोग जख्मी हुए। इनमें से 900 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि 200 का अभी इलाज चल रहा है। वहीं, 101 शवों की पहचान भी बाकी है। रेलवे ने रविवार को इस हादसे में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुर्दा रोड डिवीजन के डीआरएम रिनतेश रे ने सीबीआई जांच शुरू होने की पुष्टि की हैं। इससे पहले रेलवे सेफ्टी कमिश्नर शैलेश कुमार पाठक ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया, उन्होंने बहनागा बाजार रेलवे स्टेशन के कंट्रोल रूम, सिग्नल रूम और सिग्नल प्वाइंट का जायजा लिया। इसके अलावा बालासोर में रेलवे पुलिस ने दुर्घटना को लेकर IPC और रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 3 जून को मामला दर्ज किया है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में सबूत मिले हैं कि सिस्टम में जानबूझकर छेड़छाड़ की गई, इसके बाद पेशेवर एजेंसी द्वारा जांच का फैसला किया गया। रेलवे अधिकारियों ने पहले भी पटरी में ‘तोड़फोड़’ और ‘इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम’ में छेड़छाड़ की आशंका जताई थी।
शुरुआती जांच के बाद ओडिशा हादसे के पीछे सिग्नल इंटरफेरेंस को हादसे की वजह माना जा रहा है। ऐसे में रेलवे ने सभी जोनल मुख्यालयों को स्टेशन रिले रूम और कंपाउंड हाउसिंग सिग्नलिंग उपकरण की सुरक्षा के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए और एक सुरक्षा अभियान भी शुरू किया है, जिसमें डबल लॉकिंग व्यवस्था शामिल है।
विदित हो कि बालासोर में बहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार को ये हादसा हुआ था। यहां चेन्नई से हावड़ा जा रही 12841 कोरोमंडल एक्सप्रेस लूप लाइन में खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। इसके बाद कोरोमंडल के कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे। ये डिब्बे पास वाली लाइन से गुजर रही यशवंतपुर हावड़ा एक्सप्रेस से टकरा गए थे। तीन ट्रेनों की भीषण टक्कर हुई। इस हादसे में 288 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 1100 लोग जख्मी हुए थे। इस हादसे के बाद इस लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही भी ठप्प हो गई थी।

More Stories
सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय कार्यपरिषद सदस्य डॉ. कुशवाह ने जन्मदिवस के अवसर पर सबसे पहले स्व गणना पोर्टल पर स्व गणना की
किसानों को गेहूँ विक्रय के लिये 30 अप्रैल तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा : मंत्री राजपूत
CrPI सिस्टम/MCU के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित