November 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Buffalo Fight Incident Charak Hospital Updates: इकलौते बेटे युवराज की मौत से परिवार में मातम, परंपरा के नाम पर आयोजन पर उठे सवाल

उज्जैन: नागझिरी थाना क्षेत्र में देव दीपावली से पहले दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां मैदान में पाड़ों की लड़ाई देखने पहुंचे 7 वर्षीय बालक जानवर की जद में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही नागझिरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

🐂 पाड़ों की लड़ाई में मासूम की मौत

देव दीपावली के अवसर पर हामूखेड़ी में पाड़ों का दंगल आयोजित किया गया था, जहां 12 जोड़ी पाड़े एक-दूसरे से लड़ाने के लिए लाए गए थे। शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे मुकाबला शुरू हुआ। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसमें टैक्सी चालक आकाश दायमा भी अपने इकलौते बेटे 7 वर्षीय युवराज को लेकर पहुंचे थे।

🏥 पोहा खाने के दौरान सीने पर चढ़ा पाड़ा

तीन जोड़ियों के जानवरों के मुकाबले देखने के बाद चौथा मुकाबला चल रहा था। मासूम युवराज बैठकर पोहा खा रहा था। इस दौरान पाड़ा बेकाबू होकर दर्शकों की तरफ दौड़ा और अचानक उसकी छाती पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और मौके पर मौजूद लोगों ने उसे लेकर शासकीय चरक भवन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।

👮‍♂️ पुलिस प्रशासन की समझाइश बेअसर?

पाड़ों की लड़ाई को लेकर SP प्रदीप शर्मा ने कहा, “नागझिरी थाना पुलिस ने आयोजकों को पाड़ों की लड़ाई नहीं करवाने की समझाइश दी थी। इसके बावजूद पाड़ों की लड़ाई कराई गई। मामले में पुलिस द्वारा आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

⚠️ अंधविश्वास में जवाबदेही की कमी

उज्जैन में दीपावली पर्व के बाद हर साल पाड़ों की लड़ाई की वर्षों पुरानी परंपरा है। हालांकि बीते कुछ वर्षों से प्रशासन द्वारा इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके बावजूद आयोजकों द्वारा हर साल पाड़ों की लड़ाई आयोजित कराई जाती है। आयोजकों और समर्थकों के लिए यह परंपरा हो सकती है, लेकिन सवाल है कि क्या किसी परंपरा को निभाने के नाम पर इंसानों और बेजुबान पशुओं की जान जोखिम में डालना उचित है?

Share to...