April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाराष्ट्र में बड़ा सियासी उलटफेर, अजित पवार बने डिप्टी सीएम, एनसीपी के 9 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

महाराष्ट्र की राजनीति में रविवार को बड़ा सियासी उलटफेर हुआ। एनसीपी नेता अजित पवार पार्टी छोड़ अपने विधायकों के साथ एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल हो गए और डिप्टी सीएम पद की शपथ लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम बन गए। एक घंटे के भीतर ही अजित पवार नेता विपक्ष से डिप्टी सीएम बन गए।

रविवार को सियासी घटनाक्रम इतनी तेजी से बदलता गया कि किसी को इसकी पहले भनक तक नहीं लगी। एनसीपी पार्टी की बैठक करने के बाद अजित पवार समर्थक विधायकों के साथ राजभवन पहुंचे और फिर डिप्टी सीएम की शपथ ली।

उनके अलावा नौ एनसीपी विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। जिनमें धर्मराव अत्रम, सुनील वलसाडे, अदिति तटकरे, हसन मुश्रीफ, छगन भुजबल, धन्नी मुंडे, अनिल पाटिल, दिलीप वलसे पाटिल शामिल हैं। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के साथ सभी मंत्री भी राजभवन मौजूद रहे। इनके अलावा एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल भी राजभवन में मौजूद हैं जिन्हें शरद पवार का करीबी कहा जाता है।

महाराष्ट्र की सियासत में सब कुछ रविवार को इतना तेजी से हुआ कि इसकी भनक लोगों को तब लगी जब अजित पवार अपने समर्थक विधायकों के साथ राजभवन के लिए रवाना हुए। सबसे पहले अजित पवार ने समर्थक विधायकों के साथ अपने आवास पर बैठक की। इसके बाद वह 17 विधायकों के साथ शिंदे सरकार को समर्थन देने के लिए राजभवन रवाना हो हुए। पवार के पहुंचने के बाद राजभवन में सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस भी पहुंचे जिनके साथ तमाम मंत्री भी मौजूद थे।

अजित पवार के सरकार को समर्थन देने व डिप्टी सीएम बनने के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अब हमारे पास 1 मुख्यमंत्री और 2 उपमुख्यमंत्री हैं। डबल इंजन सरकार अब ट्रिपल इंजन बन गई है। महाराष्ट्र के विकास के लिए अजित पवार और उनके नेताओं का स्वागत है। महाराष्ट्र को मजबूत करने में अजित पवार का अनुभव मदद करेगा।

महाराष्ट्र के इस राजनीतिक घटनाक्रम पर संजय राउत ने ट्वीट में लिखा है कि कुछ लोगों ने महाराष्ट्र की राजनीति को साफ करने का बीड़ा उठाया है। उन्हें अपने तरीके से चलने दो। मेरी अभी शरद पवार जी से बात हुई। उन्होंने कहा है कि मैं मजबूत हूं। हमें लोगों का समर्थन प्राप्त है। हम उद्धव ठाकरे के साथ फिर से सब कुछ पुनर्निर्माण करेंगे। जी हां, लोग इस गेम को ज्यादा दिनों तक बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इस बीच शिवसेना (UBT) से राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा देश में वैचारिक गठबंधन की बात करने वाली आखिरी पार्टी होनी चाहिए। वे सिर्फ राजनीतिक अवसरवादी हैं, जो किसी भी कीमत पर सत्ता चाहते हैं। महाराष्ट्र में जो विधायक भ्रष्ट थे और जेल गए थे, अब मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं।

Share to...