ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट सर्किट और बिग बैश लीग (BBL) में खेल चुके एक पूर्व तेज गेंदबाज को नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में जेल की सजा का सामना करना पड़ रहा है. होबार्ट हरिकेन्स (Hobart Hurricanes) और तस्मानिया टाइगर्स के पूर्व खिलाड़ी एरोन विलियम समर्स ने जून के आखिरी सप्ताह में तस्मानिया की सुप्रीम कोर्ट में अपना रुख बदलते हुए बच्चों के यौन शोषण और ग्रूमिंग से जुड़े दो गंभीर आरोपों में अपना गुनाह कबूल कर लिया है. यह मामला साल 2018 का है, जब समर्स होबार्ट हरिकेन्स टीम की टीम का हिस्सा थे. इस मामले में कोर्ट अगस्त महीने में सजा का एलान करेगी.
सोशल मीडिया पर फंसाकर स्कूल में किया था शोषण
अदालत में पेश की गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना 16 जनवरी 2018 को होबार्ट में हुई थी. तेज गेंदबाज एरोन समर्स ने सोशल मीडिया के जरिए एक 15 साल की नाबालिग लड़की से संपर्क किया और उसे मैसेज भेजे थे. इसके बाद समर्स ने उसे उसके घर के पास से अपनी कार में बैठाया और एक स्थानीय स्कूल ले गए, जहां उन्होंने उस नाबालिग बच्ची का यौन शोषण किया. इस मामले में अब उन्हें सजा सुनाई जानी है.
जज ने खारिज की राहत की बात
कोर्ट में सुनवाई के दौरान समर्स की वकील कैरोलीन ग्रेव्स ने दलील दी कि यह घटना उनके मुवक्किल के लिए काफी ‘कठिन समय’ के दौरान हुई थी, जब वो समाज से अलग-थलग पड़ गए थे और सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल कर रहे थे. वकील ने दावा किया कि समर्स अब अपने अपराधों को समझ चुके हैं और उनके दोबारा ऐसा करने की आशंका काफी कम है. उन्होंने कोर्ट से पूरी तरह से सस्पेंडेड सेंटेंस पर विचार करने का अनुरोध किया. हालांकि, जस्टिस हेलेन वुड ने इस राहत की संभावना को सीधे तौर पर खारिज कर दिया. इसके बाद, जमानत पर बाहर चल रहे समर्स को तुरंत हिरासत में ले लिया गया.
पहले भी काट चुके हैं जेल की सजा
यह पहली बार नहीं है जब एरोन समर्स बच्चों से जुड़े यौन अपराधों में फंसे हैं. इससे पहले साल 2021 में उन्हें नॉर्दर्न टेरिटरी में बाल शोषण सामग्री रखने और उसे प्रसारित करने के आरोपों में दोषी पाया गया था, जिसके लिए वो जेल की सजा भी काट चुके हैं. बता दें, समर्स ने साल 2017 के अंत में होबार्ट हरिकेन्स के लिए एक मैच खेला था और 2018 में डेब्यू करने के बाद तस्मानिया के लिए तीन वनडे मैच खेले थे. वो छोटे कॉन्ट्रैक्ट्स पर विदेशों में भी खेल चुके हैं और इंग्लिश डोमेस्टिक क्रिकेट में खेलने की तैयारी कर रहे थे. इसके साथ-साथ पाकिस्तान सुपर लीग में भी उन्होंने 2 मुकाबले खेले हैं.

More Stories
Tanzid Hasan Record Century in Australia: 0 पर मिला जीवनदान और ठोक दिया शतक, तंजीद हसन तमीम ने कंगारुओं की धरती पर कायम किया कीर्तिमान
India vs Sri Lanka Test Series: भारत के खिलाफ गॉल टेस्ट के लिए 16 सदस्यीय श्रीलंकाई टीम घोषित, स्क्वॉड में 5 स्पिनर शामिल
Ujjain Badminton Players Gold Medal: उज्जैन की दो बेटियों ने नेपाल में जीता इंटरनेशनल बैडमिंटन गोल्ड, चीन को दी मात