दोहा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई की दो दिन की यात्रा के बाद बुधवार देर शाम कतर पहुँचे। दोहा एयरपोर्ट पर कतर के विदेश राज्य मंत्री सुल्तान बिन साद अल-मुरैखी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। अपनी दो दिवसीय यात्रा में पीएम मोदी कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
पीएम मोदी का यह दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि यह विजिट ऐसे समय हो रही है जब हाल ही में कतर ने भारत के 8 पूर्व नौसैनिकों को कैद से रिहा किया है। इन 8 नौसैनिकों को इजरायल के लिए जासूसी करने के आरोप में अगस्त 2022 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद अक्टूबर 2023 में कतर की अदालत ने सभी को मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि, दिसंबर में ‘कोर्ट ऑफ अपील’ ने मौत की सजा पर रोक लगा दी थी और हाली ही में उन्हें रिहा भी कर दिया गया।
कतर पहुंचने से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए PM मोदी ने लिखा,’मैं एक सार्थक कतर यात्रा की उम्मीद कर रहा हूं, जिससे भारत-कतर मित्रता और गहरी होगी।
दोहा एयरपोर्ट में प्लेन के लैंड होने के बाद पीएम मोदी ने अपने समकक्ष शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी से मुलाकात की और व्यापार और निवेश, ऊर्जा, वित्त जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सार्थक चर्चा की। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच दोस्ती को बढ़ावा देने के बारे में चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि दोहा में भारतीय समुदाय ने उनका जबरदस्त स्वागत किया।
कतर के अमीर के साथ बैठक के बाद पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री अल थानी के साथ बातचीत शानदार रही। हमने भारत और कतर के बीच मैत्री को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीएम मोदी की कतर के प्रधानमंत्री के साथ बेहद सफल वार्ता हुई।
इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि राजधानी दोहा में कतर के प्रधानमंत्री व वित्त मंत्री अल थानी के साथ पीएम मोदी की कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इसमें व्यापार और निवेश, ऊर्जा, वित्त जैसे मुद्दे शामिल थे।
अपनी दो दिवसीय यात्रा में पीएम मोदी कतर के प्रधानमंत्री की ओर से अपने सम्मान में आयोजित रात्रि भोज में शामिल हुए। गुरुवार को वह कतर के अमीर शेख तामीम बिन हमाद अल थानी से मुलाकात कर उनके साथ तमाम क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
बता दें कि प्रधान मंत्री मोदी ने आखिरी बार 2016 में कतर का दौरा किया था। इससे पहले कतर के अमीर ने 2015 में भारत का दौरा किया था। पिछले साल 2023 में भारत और कतर के पूर्ण राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हुए हैं। पीएम मोदी के दौरे से पहले 8 भारतीयों की कतर से रिहाई को देश की बड़ी कूटनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है।

More Stories
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट
पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, नीरज चोपड़ा ने भी किया समर्थन