April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

स्कूल के बाद अब दिल्ली के 2 बड़े अस्पतालों और IGI एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की ईमेल से मिली धमकी

नईदिल्ली: दिल्ली में एक बार फिर ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई है। इस बार दिल्ली के दो अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके अलावा IGI एयरपोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के अलावा जिन दो अस्पतालों को ईमेल भेज धमकी दी गई है उनमें बुराड़ी में स्थित बुराड़ी शासकीय अस्पताल और मंगोलपुरी में स्थित संजय गांधी अस्पताल शामिल है। यह धमकियां मिलने के बाद पुलिस के कान खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। धमकी भरे ईमेल की शिकायत एयरपोर्ट और अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस से की थी। इसके बाद आननफानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस के अलावा वहां दमकल विभाग, बम और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची है। अस्पताल के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है।

दिल्ली डीसीपी (नॉर्थ) मनोज मीणा ने कहा है कि बम की सूचना मिलने के बाद बम स्क्वायड, दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। दिल्ली पुलिस की तरफ से एक बयान में कहा गया है कि बुराड़ी अस्पताल को बम से दहलाने की धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। स्थानीय पुलिस और बम डिस्पोजल टीम (BDT) मौके पर मौजूद हैं लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। यह भी जानकारी सामने आई है कि पुलिस को सबसे पहले दोपहर करीब 3.17 मिनट पर पहला फोन आया था जिसमें बुराड़ी अस्पताल में धमकी वाला ईमेल आने की बात कही गई। इसके बाद 4.26 मिनट पर दूसरा फोन आया जिसमें संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में धमकी भरा ईमेल आने की सूचना मिली थी।

बुराड़ी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आशीष गोयल ने बताया कि करीब 3:00 बजे उन्हें ईमेल मिला। ईमेल में लिखा था कि हॉस्पिटल में बम रखा है। पहले अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने जांच की तो उन्हें कुछ नहीं मिला। उसके बाद पुलिस ने इसकी जांच की तो वहां कुछ नहीं मिला। चिकित्सा अधीक्षक ने कहा अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल नहीं है। अब सब सामान्य है।

फिलहाल पुलिस ईमेल से मिली धमकी को बेहद सतर्कता से लेते हुए पूरे ही मामले की जांच कर रही हैं।

Share to...